Moradabad: महाशिवरात्रि पर टूटी सड़क पर हिचकोले खाएंगे कांवड़िये
मुरादाबाद, अमृत विचार। महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक करने के लिए शिवालयों पर आने जाने वाले कांवड़िये और अन्य शिवभक्त टूटी सड़क पर हिचकोले खाएंगे क्योंकि गड्ढामुक्त सड़क अभियान केवल कागजों में सिमटा दिख रहा है। महानगर की सड़कें तो जर्जर हाल में हैं ही, मुरादाबाद-कांठ-हरिद्वार हाईवे कई जगह धंसी है। जिससे वाहनों के असंतुलित होने पर हादसे की आशंका बनी रहती है। महाशिवरात्रि पर हरिद्वार से गंगाजल भरकर हजारों कांवड़िये भी मुरादाबाद के जर्जर रास्तों से गुजरेंगे।
महाशिवरात्रि के पर्व को चंद दिन रह गए हैं। यातायात पुलिस ने एक तरफ जहां डायवर्जन की तैयारी की है तो अन्य विभागों को भी प्रबंध देखने हैं। लेकिन मुख्य मार्गों के अलावा अंदरूनी सड़कों की खस्ताहाली स्थानीय के अलावा बाहर से आने जाने वालों को भी संकट में डाल सकती है। महाशिवरात्रि पर जहां शिवालयों में बड़ी संख्या में शिवभक्त जलाभिषेक करने पहुंचेंगे वहीं हरिद्वार से भी गंगाजल भर कर कांवड़िये जलाभिषेक के लिए आते हैं। मगर मुरादाबाद-कांठ-हरिद्वार हाईवे भी कई जगह धंस गया है।
जबकि चंद महीने पहले ही इसे ठीक कराया गया था। यही स्थिति महानगर के पॉश कॉलोनियों व उनकी अंदरूनी सड़कों की भी है। टूटी सड़कों पर जहां तहां गड्ढे हो गए हैं। जिसमें हिचकोले खाते हुए आवागमन करना पड़ रहा है। आशियाना कॉलोनी स्थित ढाप वाले मंदिर की ओर से जाने वाली सड़क भी कई जगह टूटी हुई है। विकास भवन से होकर अंदर के रास्ते ढाप वाले मंदिर की सड़क कई जगह टूटी है।
नगर निगम, लोनिवि व एमडीए के अधिकारियों का ध्यान इन टूटी सड़कों को ठीक कराने में नहीं है। महानगर के कई अन्य मोहल्लों में स्थित शिवालयों के आसपास भी हालत ऐसी ही है। ऐसे में महाशिवरात्रि पर शिवभक्तों को इन टूटी सड़कों से दो चार होना पड़ेगा।
कई जगह गड्ढों में तब्दील हुई सड़क, बारिश का पानी अभी भी भरा
आशियाना फेज एक से होकर गुजरने वाली मुख्य सड़क एक नहीं कई जगह गड्ढों में तब्दील हो गई है। पिछले दिनों हुई बारिश का पानी अभी भी सड़क के गड्ढों में भरा है। जबकि इस मार्ग पर कई निजी अस्पताल व नर्सिंग होम्स संचालित हैं। जिसमें सैकड़ों की संख्या में मरीज और उनके तीमारदारों का आना जाता होता है। एंबुलेंस और स्कूली वाहन भी इस सड़क के गड्ढों में हिचकोले खाते हुए गुजरते हैं। जबकि स्थानीय नागरिक इसे अपनी नियति मान चुके हैं।
