तीन साल बाद भी नगर निगम शुरू नहीं करवा पाया ऑटो-टेंपो स्टैंड, मुख्यमंत्री ने मई 2022 में अवैध स्टैंड हटाने के दिए थे निर्देश

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

छह महीने में स्थल चिन्हित करके ऑटो-टेम्पो स्टैंड किये जाने थे चिन्हित

लखनऊ, अमृत विचार : तीन साल बाद भी नगर निगम शहर में ऑटो-टेम्पो स्टैंड का संचालन शुरू नहीं करवा पाया है। नगर निगम ने तीसरी बार फिर इसके लिए कमेटी बना दी है। इससे शहर में अवैध तरीके से चल रहे अवैध स्टैंड पर रोक नहीं लग पा रही है। बीते मंगलवार को सामान्य सदन की बैठक में ऑटो-टेम्पो स्टैंड संचालन के लिए प्रस्ताव रखा गया लेकिन इसे मंजूरी न देकर कमेटी बना दी गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मई 2022 में शहर में चल रहे अवैध स्टैंड हटाने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद ऑटो-टेम्पो स्टैंड का संचालन रोक दिया गया था। नगर निगम को 6 महीने में पुलिस, यातायात विभाग के साथ मिलकर स्थल चिन्हित करने थे। लेकिन स्थल चिन्हित करने में देरी होने के कारण 3 वर्ष से अधिक समय बीत चुका है।

नगर निगम की ओर से 83 ऑटो-टेंपो स्टैंड बनाने का प्रस्ताव पिछले सदन की बैठक में सर्वसम्मति से पास हो चुका है। इसके बाद भी ऑटो-टेम्पो स्टैंड का संचालन शुरू नहीं हो पाया है। जबकि स्टैंड के स्थल निर्धारित करने के लिए चौराहों का सर्वे भी किया गया था। कुछ जगह ट्रायल भी हो चुका था, लेकिन नगर निगम सदन की मंजूरी न मिलने से स्टैंड शुरू नहीं हो पा रहे हैं।

इस संबंध में अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव ने कहा कि समिति गठित करके ऑटो टेंपो स्टैंड को लेकर आपत्ति मांगी जाएगी। आपत्ति के बाद स्टैंड के प्रस्ताव को अब अगली सामान्य सदन की बैठक में रखा जाएगा।

 

संबंधित समाचार