Bareilly : ईसीसीई भर्ती में गड़बड़ी की मंडलायुक्त ने शुरू कराई जांच
बरेली, अमृत विचार। जिले में बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से बाल वाटिकाओं में ईसीसीई (अर्ली चाइल्ड केयर एजुकेटर) भर्ती घोटाले ने प्रशासन की नींद उड़ा दी है। जिले में 171 पदों के लिए चयनित अभ्यर्थियों ने मंडलायुक्त भूपेंद्र एस. चौधरी से शिकायत की थी उनके अधिक अंक होने के बावजूद नौकरी नहीं मिली, जबकि कम अंक वाले अभ्यर्थियों को सीधे नियुक्त कर दिया गया।
इस शिकायत के बाद कमिश्नर ने तुरंत जांच का आदेश दिया। शनिवार को बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता सिंह ने 90 चयनित अभ्यर्थियों को विकास भवन सभागार में बुलाकर उनके शैक्षणिक प्रमाणपत्रों का भौतिक सत्यापन कराया। शेष अभ्यार्थियों को सोमवार को बुलाया गया है।
सूत्रों के अनुसार, भर्ती में आउटसोर्स कंपनी की भूमिका भी संदिग्ध है, क्योंकि प्रारंभिक सत्यापन के बाद ही अंतिम सूची जारी हुई थी। अब मंडलायुक्त के निर्देश पर सभी चयनित एजुकेटरों के दस्तावेजों की दोबारा जांच की जा रही है।
