Bareilly: शहर के कायाकल्प को 70 करोड़ का विकास प्लान, सड़कों और ड्रेनेज सिस्टम की बदलेगी सूरत
बरेली, अमृत विचार। नगर निगम ने शहर के कायाकल्प के लिए 70 करोड़ रुपये का डेवलपमेंट एक्शन प्लान तैयार किया है। केंद्र और राज्य सरकार से मिले अनुदान से सड़कों, नालों और ड्रेनेज सिस्टम की सूरत बदली जाएगी।
मेयर डॉ. उमेश गौतम ने बताया कि इस कार्ययोजना को चार वैज्ञानिक चरणों में विभाजित किया है। पहले चरण में सटीक सर्वे और डीपीआर तैयार होगी, जिसके बाद दूसरे चरण में पारदर्शी टेंडर प्रक्रिया पूरी करने ठेकेदार का चयन किया जाएगा। तीसरे चरण में निर्माण शुरू होंगे और अंतिम चरण में गुणवत्ता की कड़ी जांच के बाद प्रोजेक्ट को पूर्ण घोषित किया जाएगा। हमारा लक्ष्य मानसून से पहले ड्रेनेज के बड़े काम पूरे करने का है।
नगर आयुक्त संजीव कुमार ने बताया कि 70 करोड़ के प्लान की प्राथमिकता सूची में शहर के अस्पताल, स्कूल और भीड़भाड़ वाले व्यावसायिक क्षेत्रों को सबसे ऊपर रखा गया है। मुख्यमंत्री ग्रिड योजना और अन्य अनुदानों के समन्वय से यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए सड़कों का चौड़ीकरण भी इसी योजना का हिस्सा है।
जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नालों का नए सिरे से निर्माण और सफाई की जाएगी। अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि हर सप्ताह कार्यों की प्रगति रिपोर्ट टेबल पर होनी चाहिए। यदि किसी ठेकेदार या अधिकारी की ओर से लापरवाही पाई गई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
