एसएसपी अनुराग आर्या का कड़क एक्शन: गैंगवार का सूत्रधार राजीव राणा भी हिस्ट्रीशीट घोषित

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। एसएसपी अनुराग आर्या अपने कार्यकाल में अपराधियों की सबसे ज्यादा 375 हिस्ट्रीशीट खुलवाने आईपीएस अफसर बन गए हैं।बुधवार को भी ''ऑपरेशन एचएस'' रहा। पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्र में सक्रिय 17 और पेशेवर क्रिमिनल्स को हिस्ट्रीशीटर घोषित कर दिया। इन दागी चेहरों में सबसे चर्चित नाम पीलीभीत बाईपास पर गैंगवार में शामिल रहा राजीव राणा है। तीन दिन में 42 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खुलवाकर गहन निगरानी सूची में रख दिया गया है। इस कार्रवाई से क्रिमिनल बैंकग्राउंड वालों में हड़कंप मचा दिखाई दे रहा है।

पुलिस के अनुसार, हिस्ट्रीशीटर घोषित किया गया राजीव राणा 22 जून 2004 को थाना इज्जतनगर क्षेत्र में पीलीभीत बाईपास पर हुई गैंगवार के मुख्य आरोपी रहा है। उस घटना को अभी भूल नहीं है, जब जमीन पर कब्जेदारों को लेकर दो अपराधी गुट आमने-सामने आ गए थे। दोनो ओर से अंधागुंध गोलियां चली थीं। टकराव की सूचना पर पुलिस पहुंची तो सामने भी हमलावर पीछे नहीं हटे थे और बेखौफ होकर तांडव करते नजर आए थे। गोलीकांड में कई लोग घायल हुए थे। हाइवे पर देर तक अराजकता के हालात बने रहे थे। ट्रैफिक रुक गया था। दोनों ओर से चंबल घाटी की तरह मोर्चाबंदी होती नजर आई थी। आधे घंटे तक रूक-रूक 100 राउंड से अधिक गोलियां चली थीं। पड़ोस के अकेले एक मकान में 16 बुलेट धंसी नजर आई थीं।

पुलिस में गोलीकांड को लेकर एक पक्ष के राजीव राणा, रोहित ठाकुर, रोहित, संजय, राजीव राणा के 20-25 साथी , दूसरे पक्ष के आदित्य उपाध्याय, अभिराज, आदित्य उपाध्याय के चौकीदार व अन्य साथियों के खिलाफ बलवा, आगजनी, हत्या का प्रयास,आपराधिक कानून संशोधन अधिनियम की धारा के तहत केस दर्ज किया था। कई लोग गिरफ्तार कर जेल भेजे गए थे। शासन ने बरेली की घटना को देखते हुए कुछ ही दिन बाद ही तत्कालीन एसएसपी सुशील चंद्रभान घुले का यहां से ट्रांसफर भी कर दिया था। पुलिस-प्रशासन ने उसके बाद अपराधी गुटों की ढंग से खबर ली थी। 
ताबड़तोड़ गिरफ्तारियों के अलावा बुलडोजर एक्शन भी किया गया था। पकड़े गए आरोपी जेल से जमानत पर छूटते तो रहे मगर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी रही। एसएसपी अनुराग आर्या के सख्त अभियान का ही नतीजा है कि अब गैंगवार मामले का मुख्य आरोपी राजीव राणा भी हिस्ट्रीशीटर सूची में शामिल कर दिया गया है। सुरेश शर्मा नगर निवासी राजीव राणा के खिलाफ धोखाधड़ी और हत्या के प्रयास समेत 10 मुकदमे दर्ज चल रहे हैं। एचएस खुलने के बाद अब उसे थाने में समय-समय पर हाजिरी देनी होगी और पुलिस लगातार निगरानी करेगी।

नए-नए हिस्ट्रीशीटर चेहरे पहचानें, उनके गुनाह जानें
0 इज्जतनगर थाना क्षेत्र के खजुरिया घाट निवासी सलमान पर चोरी नकबजनी समेत अन्य मामलों के कोतवाली, बारादरी, इज्जतनगर, फरीदपुर, बिथरी चैनपुर थाने में 33 मुकदमे दर्ज हैं।
0 इज्जतनगर थाना क्षेत्र के मोहरनिया गांव निवासी जगदीश पर आबकारी अधिनियम के तहत 9 मुकदमे इज्जतनगर थाने में दर्ज है।
0 सुभाषनगर थाना क्षेत्र के नेकपुर निवासी रोहित पर लूट और छिनैती समेत अन्य मुकदमे सुभाषनगर, फतेहगंज पश्चिमि, इज्जतनगर, कोतवाली में 6 मुकदमे दर्ज हैं।
0 फतेहगंज पूर्वी के गांव इटौरिया निवासी सियानन्द उर्फ श्याम पर चोरी नकबजनी समेत अन्य मामलों में आंवला, भमोरा, भुता, बिथरी चैनपुर, कैंट, फरीदपुर, फतेहगंज पूर्वी, शाहजहांपुर और बदायूं के कई थानों में कुल 19 मुकदमे दर्ज हैं।
0 फतेहगंज पूर्वी के सिघवा गांव निवासी कल्लू पर नकबजनी समेत अन्य मामलों में फतेहगंज पूर्वी, फरीदपुर, बिथरी चैनपुर, भोजीपुरा, शाही, देवरनिया में 32 अलग अलग मुकदमे दर्ज हैं।
0 फतेहगंज पूर्वी के रम्पुरा कमन निवासी विनोद राठौर छेड़खानी और मारपीट समेत अन्य मामले फतेहगंज पूर्वी, फरीदपुर, शाहजहांपुर के कटरा, बारादरी थाने समेत अन्य थानों में 14 मुकदमे दर्ज है।
0 फतेहगंज पूर्वी के इटौरिया गांव निवासी रविन्द्र उर्फ राजू पर चोरी और नकबजनी के आंवला, भमोरा, भुता, कैंट, फरीदपुर, फतेहगंज पूर्वी, भमेरा, शाहजहांपुर के मदनापुर बदायूं और अन्य जगह पर 25 मुकदमे दर्ज हैं।
0 हाफिजगंज के तिगरा गांव निवासी हरनाम सिंह पर आबकारी अधिनियम के तहत इज्जतनगर और हाफिजगंज थाने में 8 मुकदमे दर्ज है।
0 कैंट थाना क्षेत्र के मिर्जापुर निवासी कल्लू उर्फ दुनका पर कैंट, फतेहगंज पश्चिमि, थाने में आबकारी के 7 मुकदमे दर्ज है।
0 बारादरी थाना क्षेत्र के चकमहमूद निवासी जुनैद पर चोरी और नकबजनी के बिथरी चैनपुर, भोजीपुरा, फतेहगंज पूर्वी, मीरगंज, सुभाषनगर समेत अन्य थानों में 12 मुकदमे दर्ज है।
0 बारादरी थाना क्षेत्र के ईट पजाया चौराहा निवासी इमरान उर्फ बम्बईया पर वाहन चोरी के प्रेमनगर और बारादरी थाने में 9 मुकदमे दर्ज है।
0 बारादरी थाना क्षेत्र के ईट पजाया चौराहा निवासी वसीम उर्फ गन्ठी पर चोरी और मादक पदार्थ की तस्करी के बारादरी, भमोरा, कोतवाली और प्रेमनगर थाने में 12 मुकदमे दर्ज है।
0 बारादरी थाना क्षेत्र के चक महमूद निवासी आफताब गद्दी पर मारपीट के पांच मुकदमे बारादरी थाने में दर्ज है।
0 बारादरी थाना क्षेत्र के खुर्रम गौटिया निवासी शेखर पर हत्या समेत पांच मुकदमे बारादरी और कैंट थाने में दर्ज है।
0 बारादरी थाना क्षेत्र के एजाजनगर गौटिया निवासी शाकिर पर गोकशी और अन्य मामलों के 9 मुकदमे बारादरी, भुता, बिथरी चैनपुर, हाफिजगंज, इज्जतनगर, बिशारतगंज में दर्ज है।
0 बारादरी थाना क्षेत्र के कांकर टोला निवासी अनीस सकलैनी पर रंगदारी और अन्य मामलों के चार मुकदमे बारादरी और बिजली विभाग के एपीटी थाने में दर्ज है।

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि जिले में जो अपराधियों पर नियंत्रण के लिए आपराधिक इतिहास के आधार पर लगातार हिस्ट्रीशीट खोले जाने की कार्रवाई की जा रही है। एक बार जिस अपराधी की हिस्ट्रीशीट खुल जाती है, पुलिस हर 15 दिन में उसके बारे में जानकारी करती है। यक्ष एप के माध्यम से भी ऐसे आरोपियों की निगरानी की जाती रहती है। अभी तीन दिन के अंदर 52 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है।

 

संबंधित समाचार