UP: प्रदेशाध्यक्ष शौकत अली बोले...एआईएमआईएम रामपुर में मजबूती के साथ लड़ेगी चुनाव
रामपुर, अमृत विचार। रविवार को रामपुर पहुंचे ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली का कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष ने रामपुर में कहा कि उनकी पार्टी रामपुर में मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी और जीत हासिल करने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी। बोले कि पार्टी पूरे उत्तर प्रदेश में करीब 200 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।
प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने बिलासपुर गेट स्थित एआईएमआईएम यूथ जिला कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। कार्यक्रम की अगुवाई यूथ जिला अध्यक्ष जनाब सलमान शाह ने की। कार्यकर्ताओं ने गाड़ियों के काफिले के साथ रैली निकाली। शौकत अली को जीरो प्वाइंट से भव्य स्वागत के साथ जुलूस के रूप में जिला कार्यालय तक लाया गया। संबोधन में शौकत अली कहा कि पार्टी रामपुर सहित पूरे उत्तर प्रदेश में करीब 200 सीटों पर मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी।
उन्होंने कहा पार्टी कार्यकर्ता अब किसी दूसरे दल का सहारा नहीं लेंगे, बल्कि अपने झंडे और अपने मिशन को मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि आने वाला समय युवाओं का है और एआईएमआईएम युवाओं को नेतृत्व में आगे लाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य सिर्फ चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग को राजनीतिक रूप से मजबूत और जागरूक बनाना है। शौकत अली ने 2027 विधानसभा चुनाव और आगामी जिला पंचायत चुनाव को मिशन बताते हुए कहा कि अभी से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना होगा।
घर-घर तक पार्टी की सोच पहुंचानी होगी और हर कार्यकर्ता को जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी की असली ताकत एकता, अनुशासन, समर्पण और जमीनी मेहनत है। अगर सभी कार्यकर्ता मिलकर काम करेंगे तो आने वाला समय एआईएमआईएम का होगा। इस दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष महताब चौहान, यूथ प्रदेश अध्यक्ष एतिशाम मंसूरी साहब, इंजीनियर मारूफ हुसैन चमरौआ विधानसभा अध्यक्ष, यूथ जिला महासचिव सैयद सरफराज मियां, यूथ रामपुर नगर अध्यक्ष मो. आजम उर्फ सोनू कांटे वाला, वरिष्ठ कार्यकर्ता आशिक रजा, आसिफ रजा मसूदी जिला महासचिव, जिला कोषाध्यक्ष अरमान मलिक, जिला मुख्य यूथ महासचिव उमैर मियां, जिला यूथ महासचिव अमन, जिला यूथ महासचिव जुनैद खान, अर्श खान, साइम मोहम्मद, जुनैद, ओवैस सहित बड़ी संख्या में पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता, बुजुर्ग और नौजवान साथी मौजूद रहे।
