कानपुर : शारारती तत्वों ने काशी महाकाल एक्सप्रेस पर फेंके पत्थर, यात्रियों में दहशत
कानपुर। कानुपर जिले में अज्ञात लोगों ने काशी महाकाल एक्सप्रेस पर कथित रूप से पत्थर फेंके, जिससे प्रथम वातानुकूलित (फर्स्ट एसी) डिब्बे की एक खिड़की के शीशे टूट गए और यात्रियों में दहशत फैल गई। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने सोमवार को यह जानकारी दी। जीआरपी के अनुसार, यह घटना रविवार रात करीब नौ बजे भीमसेन रेलवे स्टेशन के पास की है जब वाराणसी से इंदौर जा रही यह ट्रेन गोविंदपुरी स्टेशन से रवाना होने के बाद भीमसेन की ओर बढ़ रही थी।
जीआरपी थाना प्रभारी हेमंत ने बताया कि पथराव के कारण प्रथम वातानुकूलित डिब्बे की खिड़की का शीशा टूट गया। उन्होंने कहा कि इस घटना में किसी भी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। बाद में टूटे शीशे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित हुआ। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि रेलवे कर्मचारियों ने शीशे के टुकड़ों को तत्काल साफ कर दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला शरारत का प्रतीत होता है और अब तक किसी बड़ी साजिश के संकेत नहीं मिले हैं। उन्होंने कहा कि एहतियात के तौर पर इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और जांच जारी है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है और इस कथित घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
