बंगाल में बोले अमित शाह- ‘जेपी नड्डा पर हुआ हमला बंगाल में लोकतंत्र पर हमला है, नहीं डरेंग हम’

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बोलपुर (प.बंगाल)। पश्चिम बंगाल में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले अपनी ताकत दिखाने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा नेताओं ने रविवार को बीरभूम जिले के बोलपुर इलाके में रोड शो किया। अमित शाह का रोड शो दोपहर तीन बजकर 10 मिनट पर डाक बंगाल मैदान से शुरू हुआ। केंद्रीय …

बोलपुर (प.बंगाल)। पश्चिम बंगाल में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले अपनी ताकत दिखाने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा नेताओं ने रविवार को बीरभूम जिले के बोलपुर इलाके में रोड शो किया। अमित शाह का रोड शो दोपहर तीन बजकर 10 मिनट पर डाक बंगाल मैदान से शुरू हुआ।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष के साथ लॉरी पर बने मंच पर खड़े थे और हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार कर रहे थे। इस दौरान भगवा पार्टी के समर्थक ‘जय श्री राम’, ‘नरेंद्र मोदी जिंदाबाद’ और अमित शाह जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। सड़क के किनारे खड़े सैकड़ों लोगों ने वहां से गुजरने के दौरान गृह मंत्री का अभिवादन किया।

रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि अपने पूरे जीवन में उन्होंने इस तरह का रोड शो कभी नहीं देखा। गृहमंत्री ने कहा कि ये रोड शो बंगाल की जनता का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति विश्वास को दिखाता है। ये जनता का ममता दीदी के प्रति गुस्से का प्रतीक है।

उन्होंने बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा पर हुए हमले की निंदा करते हुए टीएमसी पर आरोप लगाते हुए कहा कि जेपी नड्डा पर हुआ हमला सिर्फ नड्डा पर हमला नहीं, बंगाल में लोकतंत्र पर हमला है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सबको अपनी बात रखने का हक है। इस तरह की हिंसा से हम डरेंगे नहीं। जितना इस तरह का वातावरण बनाएं, हम उतनी मजबूती से वापसी करेंगे।

अमित शाह ने कहा कि बंगाल में जो परिवर्तन होने वाला है, वह विकास के लिए है और इसे आगे ले जाएगा। आपने कांग्रेस को मौका दिया, कम्युनिस्टों को मौका दिया, टीएमसी को मौका दिया है। एक बार बीजेपी को मौका दीजिये, हम 5 साल में ‘सोनार बांग्ला’ बना कर रहेंगे। उन्होंने कहा कि बीजेपी जहां भी सत्ता में आई है, राज्य विकास की राह पर चला है। बंगाल विकास की राह से दूर चला गया है।

उन्होंने कहा कि लोग राजनीतिक हिंसा, जबरन वसूली और बांग्लादेशी घुसपैठ को खत्म करने के लिए बंगाल में बदलाव चाहते हैं। पूरे बंगाल के लोगों में गुस्सा है, राज्य विकास के मार्ग से भटक गया है।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज