रुट डायवर्जन : शहर से गुजर रहीं रोडवेज बसें, लग रहा जाम

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। रूट डायवर्जन के बाद भी शहर से बड़े वाहन निकलने के चलते जाम लग रहा है। जिससे लोगों को घंटो जाम में फंसकर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रूट डायवर्जन में आदेश सिर्फ रोडवेज बसों के लिए दिए गए हैं, लेकिन उनकी आड़ में अन्य बड़े वाहन भी शहर में होकर गुजर रहे हैं। इससे शहर के कई चौराहों पर जाम के हालात बन रहे हैं।

अटल सेतु से लेकर दूल्हे मियां की मजार तक सिटी स्टेशन रोड का निर्माण के चलते 3 फरवरी से लेकर तीन माह तक के लिए भारी वाहनों का रूट डायवर्जन लागू कर दिया गया है। इससे बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। आदेश में कहा गया है कि दिल्ली और रामपुर की ओर से बरेली आने वाले भारी वाहन झुमका तिराहे से बड़ा बाईपास होते हुए बिलवा, विलयधाम और इन्वर्टिस तिराहे के रास्ते ट्रांसपोर्ट नगर तक पहुंचेंगे, जबकि रोडवेज बसों के लिए दिल्ली, मुरादाबाद और रामपुर से बरेली आने वाली रोडवेज बसें अब झुमका तिराहा, मिनी बाईपास, इज्जतनगर तिराहा, डेलापीर तिराहा, 100 फुटा पूर्वी पीलीभीत रोड और सुरेश शर्मा नगर होते हुए सैटेलाइट बस स्टैंड पहुंचेंगी। 

वहीं बदायूं जाने वाली बसें सैटेलाइट, बियावानी कोठी, बुखारा मोड़ और रामगंगा तिराहे के रास्ते चलेंगी। ऐसे में शहर के अंदर से रोडवेज बसे चलने से संजयनगर, सुरेश शर्मा नगर, 100 फुटा, डेलापीर, इज्जतनगर और कर्मचारी चौकी क्षेत्र में बड़े वाहन गुजरने से हर रोज जाम लग रहा है। वहीं इसके अलावा सिटी स्टेशन रोड पर काम होने के चलते छोटे वाहन भी घंटों जाम में फंस रहे हैं। ऐसे में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

संबंधित समाचार