Bareilly: मॉडल टाउन में कौन कर रहा मकानों की रेकी ? भाजपा नेता ने लगाए गंभीर आरोप
बरेली, अमृत विचार। अल्पसंख्यक मोर्चा भाजपा के क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष ने पुलिस से शिकायत करते हुए आरोप लगाया है कि कुछ लोग मॉडल टाउन में मकानों की रेकी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अज्ञात संदिग्धों द्वारा घरों की रेकी करने और वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जनसेवा ई-रिक्शा ऑटो चालक एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष व अल्पसंख्यक मोर्चा भाजपा के क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष मनजीत सिंह बिट्टू ने बताया कि वह बारादरी थाना क्षेत्र के मॉडल टाउन में रहते हैं। आरोप है कि 8 फरवरी सुबह करीब 4:40 बजे मॉडल टाउन में दो अज्ञात युवक कॉलोनी में घूमते हुए कई घरों की वीडियो रिकॉर्डिंग करते नजर आए। आरोप है कि दोनों संदिग्ध वीडियो कॉल के जरिए अपने अन्य साथियों को पूरे इलाके की स्थिति दिखा रहे थे और घरों में घुसने की कोशिश कर रहे थे।
बाद में कॉलोनी के लोगों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसमें दोनों युवक कैप लगाए, गली में चक्कर लगाते और करीब 20 मिनट तक इलाके में संदिग्ध गतिविधियां करते दिखाई दिए। घटना के बाद पूरे मॉडल टाउन में दहशत का माहौल है। उन्होंने एसएसपी से मांग की है कि किसी बड़ी वारदात के होने से पहले ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। मनजीत सिंह बिट्टू ने बताया कि पुलिस से शिकायत करने के बाद सर्विलांस इंस्पेक्टर ने एसपी क्राइम के निर्देश पर कॉलोनी में आकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
