UP: टीन शेड समेत कच्ची दीवार गिरने से बुजुर्ग दंपती, दो बच्चे घायल
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। थाना शारदानगर क्षेत्र के गांव लौखनिया में बुधवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। सुबह करीब 6:15 बजे अचानक टीन शेड और उससे सटी कच्ची दीवार भरभराकर गिर पड़ी। हादसे में टिन शेड के नीचे सो रहे बुजुर्ग दंपति और दो बच्चे घायल हो गए। शोर शराबा और तेज धमाके की आवाज सुनकर तमाम लोग मौके पर पहुंचे और सभी को बाहर निकाला। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी भेजा, जहां से महिला की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
गांव लौखनिया निवासी छोटन (80), अपनी पत्नी कृष्णावती (75), दिनेश की पुत्री पिंकी (11) और बबली (09) के साथ रोज की तरह टीन शेड के नीचे मंगलवार की रात खाना खाने के बाद सो गए। बताते हैं कि सुबह करीब सवा छह बजे सभी सो रहे थे। तभी अचानक टीनशेड कच्ची दीवार के साथ भरभराकर ढह गई। इससे सभी उसके नीचे दब गए। तेज धमाके की आवाज और शोर शराबा सुनकर परिवार में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के तमाम ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और आनन-फानन में मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला।
इस दौरान कृष्णावती मलबे के नीचे दबकर अचेत अवस्था में मिली। ग्रामीणों ने सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर शारदानगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस 108 से सीएचसी भेजा, जहां से डॉक्टर ने हालत गंभीर होने पर कृष्णावती को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। गांव में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है।
कई ग्रामीणों ने अपने पुराने और जर्जर मकानों की स्थिति को लेकर चिंता जताई है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने नुकसान का आकलन किया है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है। लोग इसे लापरवाही व जर्जर निर्माण का नतीजा मान रहे हैं। उनका कहना है कि टीन शेड और कच्ची दीवार काफी पुरानी और जर्जर अवस्था में थी। इसी वजह से अचानक ढांचा ढह गया।
