Bareilly: जान हथेली पर रखकर रेलवे ट्रैक के बीच दौड़ी रील गर्ल...आरपीएफ ने शुरू की कार्रवाई
बरेली, अमृत विचार। रील बनाने के चक्कर में रेलवे ट्रैक के बीचोबीच उछल-कूद करना बारादरी क्षेत्र की एक युवती को महंगा पड़ गया। वीडियो वायरल होने के बाद हिन्दूवादी संगठनों ने कार्रवाई को लेकर शोर उठा दिया। मामला सामने आते ही आरपीएफ, जीआरपी, पुलिस सब हरकत में आ गए और आरोपी लड़की की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी।
आरपीएफ के अनुसार, जांच में पता लगा कि नवादा शेखान की बताई जा रही ''रील गर्ल'' अचानक रेलवे रेलवे ट्रैक पहुंचती है और अजीब तरीके से नत्य करतब दिखाने लगती है। सामने से युवक मोबाइल का कैमरा चलाता है। 14 सेकंड का वीडियो बनाया कर उसे वायरल कर दिया जाता है। हिन्दू जागरण मंच के युवा जिलाध्यक्ष हिमांशु ने मामले की शिकायत एक्स पर करते हुए कार्रवाई की मांग उठाई, जिसके बाद सुरक्षाबल हरकत में आ गए।
आरपीएफ प्रभारी विनिता कुमारी ने बताया कि रेलवे अधिनियम के तहत ट्रैक पर अनधिकृत रूप से प्रवेश करना गंभीर अपराध है। इसे लेकर एक साल तक की सजा हो सकती है। आरोपी युवती की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।
रील के चक्कर में लगाई जा रही जान की बाजी
खतरनाक रीलबाजी के चक्कर में कितने ही युवा देश में अपनी जान गंवा चुके हैं। पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल लगातार युवाओं को जागरुक कर रहे हैं मगर जोखिम का खेल फिर भी नहीं रुक रहा। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि युवती सीधे रेलवे ट्रैक के बीच में जाकर डांस करती है और वीडियो बनवाती है। अचानक ट्रेन आ जाती तो अनहोनी हो सकती थी।
कहता है कानून
रेलवे अधिनियम, 1989 की धारा 147 के तहत रेलवे ट्रैक पर अनधिकृत प्रवेश पर 1000 रुपये का जुर्माना और छह माह का की जेल या दोनों हो सकती है। वहीं, धारा 145 के तहत उपद्रव करना या सुरक्षा में बाधा डालना है जिसमें 3 महीने तक जेल या 500 रुपये का जुर्माना। इसी तरह धारा 154 के तहत रेलवे की सुरक्षा को खतरे में डालना, अगर ट्रेन रोकनी पड़े या हादसे का खतरा हो तो 1 साल तक जेल। इसके अलावा आरपीएफ वीडियो बनने पर तुरंत हिरासत में ले सकती है, मोबाइल जब्त हो सकता है, और केस दर्ज कर सकती है।
नवाबगंज में ऐसे ही चली गई फैजान की जान
नवाबगंज में हाइवे किनारे 31 जनवरी को रील बनाने के लिए मोहम्मद फैजान पत्थर पर चढ़ा। ऊपर से नीचे गिर गया और उसके ऊपर पत्थर गिरा जिससे उसकी मौत हो गई। घटना बरेली-सितारगंज हाईवे से जुड़े नवाबगंज क्षेत्र की थी। सिजौलिया गांव के पास बाईपास निर्माण कार्य चल रहा था। निर्माण के दौरान मिट्टी रोकने के लिए लगाए गए बड़े-बड़े पत्थर सड़क किनारे असंतुलित स्थिति में रखे गए थे, जो बाहर की ओर लटके हुए थे। खतरनाक जगह पर रील बना रहा फैजान मौत के मुंह में समा गया था। बरेली में ऐसी अनहोनियां कई बार हो चुकी हैं।
