Bareilly : चार और स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा, यात्रियों को मिलेगी राहत
बरेली, अमृत विचार। होली के चलते ट्रेनों में अभी से लोगों को कन्फर्म सीट नहीं मिल पा रही है। इसको ध्यान में रखते हुए रेलवे की तरफ से चार और स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की गई है। ये ट्रेनें बरेली से होकर गुजरेंगी। इससे यात्रियों को राहत मिलेगी।
होली चार मार्च को है। इसके चलते बरेली से गुजरने वाली अप-डाउन की ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है। बुधवार को रेलवे ने बरेली होते हुए चार स्पेशल ट्रेनों की समय सारिणी जारी की है। स्पेशल ट्रेनों के संचालन के बाद मार्च में होली के दौरान लोगों को आसानी से कन्फर्म टिकट मिल सकेगा। 05005 बढ़नी-अमृतसर स्पेशल ट्रेन चार से 25 मार्च तक प्रत्येक बुधवार को बढ़नी से दोपहर 3:10 बजे चलने के बाद रात 11:10 बजे बरेली आएगी। वहीं 05006 अमृतसर-बढ़नी स्पेशल ट्रेन पांच से 26 मार्च तक प्रत्येक गुरुवार को अमृतसर से दोपहर 12:45 बजे चलने के बाद रात 10:34 बजे बरेली आएगी। 05301 मऊ-अंबाला स्पेशल ट्रेन पांच से 26 मार्च तक प्रत्येक गुरुवार को मऊ से सुबह चार बजे चलने के बाद सीतापुर होते हुए दोपहर तीन बजे बरेली आएगी। 05302 अंबाला-मऊ स्पेशल ट्रेन छह से 27 मार्च तक प्रत्येक शुक्रवार को अंबाला से रात 1.38 बजे चलने के बाद अगले दिन सुबह 10:38 बजे बरेली आएगी।
वेटिंग लंबी होने के चलते इन ट्रेनों में नहीं हो रही बुकिंग
मार्च के पहले सप्ताह में 13429 वाराणसी-आनंद विहार साप्ताहिक, 20503-04 राजधानी एक्सप्रेस, 12392-91 श्रमजीवी एक्सप्रेस, 15910-09 अवध-असम एक्सप्रेस, 12204-05 सहरसा गरीब रथ, 12372-73 दिल्ली-हावड़ा साप्ताहिक सुपरफास्ट, 19269 मुजफ्फरपुर सुपरफास्ट में वेटिंग लंबी होने के कारण टिकट बुकिंग बंद कर दी गई है। 22542-43 वाराणसी गरीब रथ, 15127 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, 15005-06 राप्ती गंगा एक्सप्रेस समेत अयोध्या एक्सप्रेस, पदमावत एक्सप्रेस, लखनऊ मेल आदि ट्रेनों में भी बुकिंग नहीं हो रही।
अप्रैल से मेल एक्सप्रेस बनकर चलेंगी तीन सुपरफास्ट ट्रेनें
बरेली होकर गुजरने वाली तीन सुपरफास्ट ट्रेनें अप्रैल से मेल-एक्सप्रेस के रूप में दौड़ेंगी। रेलवे ने इन गाड़ियों का नंबर बदल दिया है। समय सारिणी में भी कुछ बदलाव किया जाएगा। 14 अप्रैल से गाड़ियों का संचालन नए नंबर से शुरू कर दिया जाएगा। सुपरफास्ट के स्थान पर मेल-एक्सप्रेस के रूप में इन गाड़ियों का संचालन शुरू होने के बाद किराया भी कुछ कम हो जाएगा। जिसमें अब नए नंबर 13035-36 हावड़ा-देहरादून, उपासना एक्सप्रेस, 13037-38 हावड़ा-देहरादून कुंभ एक्सप्रेस, 13041-42 हावड़ा-जम्मूतवी हिमगिरि एक्सप्रेस से संचालित की जाएगी।
