Bareilly : बजट...खुला पिटारा, व्यापारियों-उद्यमियों में दिखी नई रोशनी
बरेली, अमृत विचार। प्रदेश सरकार ने 2026-27 का 9.12 लाख करोड़ रुपये के बजट का पिटारा खोला तो व्यापारियों और उद्यमियों में नई रोशनी देखने को मिली। व्यापारियों और उद्यमियों ने बजट की सराहना करते हुए अच्छा बजट बताया है। उनका कहना है कि प्रदेश सरकार ने इस बार के बजट में हर श्रेत्र पूरा ध्यान रखा है। इतना ही नहीं युवाओं के लिए रोजगार की सौगात भी भविष्य में रंग लाएगी। जो प्रदेश के लिए भी सबसे हितकारी होगी।
लघु उद्योग भारती अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने बताया कि बजट उत्तर प्रदेश के इतिहास में अब-तक का सबसे बड़ा बजट है। इसकी खास बात यह है कि युवाओं व बेरोजगारों को रोजगार देने का भी ध्यान में रखा गया है। इतना ही नहीं स्किल डेवलपमेंट सेंटर्स जिलेवार बनाने की योजना बनाई गई है। इसमें विभिन्न ट्रेनिंग सेंटर्स और एम्प्लॉयमेंट ओरिएंटेड ट्रेनिंग देने का निर्णय लिया गया है। उद्योग एवं शहरी विकास के लिए 27,103 करोड़ प्रस्तावित किए गए हैं। इसका फायदा मुख्यत: लखनऊ, मेरठ, मथुरा, वृंदावन और कानपुर को मिलेगा।
सीईसी मेंबर आईआईए बिमल रेवाड़ी ने बताया कि इस साल नौ लाख करोड़ का बजट पेश कर राज्य को विकास की नई राह दिखाई है। उद्योग के लिये 10 हजार करोड़ का एमएसएमई ग्रोथ फंड देकर उद्योगों के विकास का संकल्प दोहराया है। इलेक्ट्रानिक उद्योग को पांच वर्ष की टैक्स छूट की घोषणा इस क्षेत्र के लिए विकास के नए द्वार खोलेगी और रोजगार के अवसर खोलेगी। इंडिया एसईएमआई के लिए 12 लाख करोड़ इत्यादि की घोषणा प्रदेश की औद्यागिक विकास को नई दिशा देगी। यह एक अत्यन्त प्रगतिशील बजट रहा।
चैप्टर चेयरमैन मयूर धीरवानी के मुताबिक बहुत ही बढ़िया बजट है। खासतौर पर एमएसएमई के परिपेक्ष में देखें तो जो सरदार वल्लभ भाई पटेल एंप्लायमेंट इंड्रस्ट्रियल एरिया जनरेशन स्कीम में आई थी कि हर जिले में 50 एकड़ का नया इंडस्ट्रियल क्षेत्र बनेगा। जो बहुत ही सराहनीय है। उसके अलावा सरकार ने तीन हजार करोड़ रुपये प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बनाने के लिए अलग से रखे हैं। इसमें सबसे बड़ी समस्या जमीन की होती थी, ऐसे में अब इससे निजात मिलेगी। इस बार का बजट बहुत ही सराहनीय है।
उद्यमी अभनिव अग्रवाल ने बताया कि इस बार का बहुत ही अच्छा बजट है और उद्योग हित में है। इंफ्रास्ट्रक्चर पर काफी फंड दिया है। जो की एमएसएमई के लिए अत्यंत आवश्यक है। युवा समर्थ योजना एवं एआई मिशन की शुरुआत की है। उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए पंजीकरण और लाइसेंसिंग की प्रक्रिया को और सरल बनाने की बात की है। ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकृत श्रमिकों के लिए दुर्घटना बीमा और लेबर अड्डों के निर्माण का भी प्रस्ताव है।
गंगा चरण अस्पताल के डॉ. प्रमेन्द्र माहेश्वर का कहना है कि योगी सरकार का ये लगातार दसवां बजट है जो लगभग दस लाख करोड़ का है। इसमें धार्मिक पर्यटन को विशेष महत्व दिया है इसलिए मेरा मानना है कि नाथ कॉरीडोर में जागेश्वर और गोला गोकर्णनाथ जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोड़ कर बरेली का विशेष विकास किया जाए।
सर्राफा व्यापारी संजीव औतार अग्रवाल के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बजट में हर क्षेत्र का ध्यान रखा गया है। उद्योगों के लिए प्रोत्साहन, कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल, छात्राओं के लिये स्कूटी, युवाओं के लिये रोजगार, किसानों के लिए कृषि की योजनायें जैसी मूलभूत सुविधाओं का प्रावधान रखा गया है जोकि बहुत हितकारी है। लगभग हर क्षेत्र के लिये काफी कुछ दिया गया है, जिससे जनता जनार्दन को लाभ मिलेगा।
