Ghuskhor Pandit Controversy : नेटफ्लिक्स की फिल्म के टाइटल पर मचा बवाल... ब्रज में विरोध, PM मोदी को भेजा पत्र
मथुरा। फिल्म 'घूसखोर पंडित' के नाम और कथित कंटेंट को लेकर ब्रज क्षेत्र में विवाद खड़ा हो गया है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश फलाहारी महाराज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भेजकर फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।
संतों का आरोप है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर ब्राह्मण समाज की छवि धूमिल की जा रही है। प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में फलाहारी महाराज ने कहा कि ब्राह्मण समाज पर लक्षित इस प्रकार के शीर्षक से धार्मिक और सामाजिक भावनाएं आहत होती हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी फिल्मों से समाज में वैमनस्य फैल सकता है। संतों का आरोप है कि फिल्म इंडस्ट्री हिंदू प्रतीकों और ब्राह्मण समुदाय को बार-बार निशाना बना रही है।
संतों ने फिल्म के निर्देशक और निर्माता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए इसे समाज में विद्वेष फैलाने वाला बताया है। उन्होंने सरकार से फिल्म पर तत्काल रोक लगाने की अपील की है। फिलहाल फिल्म निर्माताओं की ओर से इस विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
