Moradabad: अधिकतम 30 मिनट की देरी पर भी परीक्षा केंद्र में मिलेगा प्रवेश

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू हो रही हैं। परीक्षार्थियों को केंद्र पर निर्धारित समय के बाद भी अधिकतम 30 मिनट की देरी तक प्रवेश दिया जा सकेगा। इसके लिए केंद्र व्यवस्थापकों को अधिकार प्रदान किए गए हैं। इस संबंध में बोर्ड के उच्चाधिकारियों ने जिला विद्यालय निरीक्षक को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इससे ज्यादा देर से आने वालों को अनुमति नहीं दी जाएगी।

डीआईओएस देवेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि प्रश्नपत्रों की कुल परीक्षा अवधि 3 घंटे 15 मिनट निर्धारित है। इसमें से प्रारंभिक 15 मिनट परीक्षार्थियों को प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए दिए जाएंगे, जिससे वह प्रश्नों को समझकर व्यवस्थित ढंग से उत्तर लिख सकें। दिव्यांग एवं दृष्टिबाधित परीक्षार्थियों को विशेष सुविधा प्रदान की गई है। उन्हें निर्धारित समय के अतिरिक्त प्रति घंटे 20 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा, जिससे वे बिना किसी दबाव के परीक्षा पूरी कर सकें। 

परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर कम से कम 50 प्रतिशत स्टाफ बाह्य विद्यालयों से नियुक्त किया जाएगा। विशेष रूप से स्ववित्तपोषित विद्यालयों में राजकीय और सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के 50 प्रतिशत वाह्य कर्मचारियों की तैनाती अनिवार्य की गई है। इसके अलावा उत्तर पुस्तिकाओं पर मुद्रित क्रमांक को परीक्षार्थियों द्वारा उपस्थिति पत्रक पर अंकित किया जाएगा, जिसकी पुष्टि कक्ष निरीक्षक करेंगे। रिजर्व प्रश्नपत्र सेट से संबंधित अलमारी को लॉक रखने और आकस्मिक स्थिति में उसे खोलने की प्रक्रिया माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव के निर्देश के बाद ही पूरी की जाएगी।

112 केंद्रों पर 75,758 विद्यार्थी देंगे परीक्षा
जिले में 112 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां सीसीटीवी की निगरानी रहेगी। नकल व अन्य अनुचित गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए तीन सचल दल गठित किया गया है। पहले सचल दल की जिम्मेदारी संयुक्त शिक्षा निदेशक द्वादश मंडल मनोज कुमार द्विवेदी को सौंपी गई है। वहीं दूसरे सचल दल के प्रभारी प्रीतम सिंह को बनाया गया है, जबकि तीसरे सचल दल की कमान एडी बेसिक को दी गई है। ये सचल दल परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्था का निरीक्षण कर किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई करेंगे। कक्षा 10वीं में 39,559 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। इनमें 19,583 छात्राएं और 19,976 छात्र शामिल हैं। वहीं, कक्षा 12वीं की परीक्षा में 36,199 विद्यार्थी सम्मिलित होंगे, जिनमें 17,532 छात्राएं और 18,667 छात्र पंजीकृत हैं। इस प्रकार दोनों कक्षाओं को मिलाकर 75,758 विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में हिस्सा लेंगे।

 

संबंधित समाचार