Bareilly: तीन छात्रों को 12वीं सीबीएसई की परीक्षा देने से रोका, एबीवीपी ने स्कूल में काटा हंगामा 

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। सीबीएसई परीक्षा के दूसरे दिन उस वक्त हंगामा हो गया जब स्कूल प्रबंधन ने तीन छात्रों का प्रवेश पत्र रोक लिया। कहा गया कि फीस जमा नहीं होने की वजह से छात्रों का प्रवेश पत्र रोका गया। सूचना मिलने के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने हंगामा काटा। इस हंगामे के बीच एक और बड़ी बात पता चली। स्कूल का संचालन बिनी किसी मान्यता के किया जा रहा था।

मामला सुभाषनगर थाना क्षेत्र में पड़ने वाले रामगंगा इलाके में मौजूद सेंट एंड्रयूज स्कूल का है। स्कूल प्रबंधन ने बुधवार को परीक्षा से पहले तीन छात्रों के 12 वीं का प्रवेश पत्र रोक लिया। जिसकी वजह से छात्र फिजिकल एजुकेशन की परीक्षा नहीं दे सके। सुबह 10.30 से दोपहर 1.30 बजे तक परीक्षा होनी थी। मगर फीस जमा न होने पर तीन छात्रों का प्रवेश पत्र नहीं मिला। लिहाजा उनकी परीक्षा छूट गई। सूचना मिलने के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रांत मंत्री आनन्द कठेरिया ने अपने साथियों संग पहुंचकर हंगामा किया।

संगठन के कार्यकर्ताओं ने प्रबंधन व प्रिंसिपल कार्यालय में ताला जड़ दिया। एक छात्र ने व्हाट्सएप स्टेटस लगाकर रामगंगा की ओर जाने लगा। जिसकी जानकारी मिलने के बाद पुलिस उसे पकड़कर घर ले आई। दूसरी ओर विद्यालय के प्रबंधक मोहित चन्द्र ने बताया कि उनका कोचिंग सेंटर है। बच्चों की फीस जमा नहीं होने के कारण प्रवेश पत्र रोका था। सभी से अभिभावकों को बुलाने को कहा था। वहीं मामले में छात्रों ने पुलिस को तहरीर दी है। सुभाष नगर इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है, प्रबंधक को थाने लाया गया है। 


‎बड़ी बात ये कि स्कूल बिना किसी मान्यता के चल रहा था। सीबीएसई से स्कूल की मान्यता नहीं थी। किसी दूसरे स्कूल से सांठगांठ कर बच्चों को परीक्षा दिलाने की तैयारी थी। इस बात का खुलासा उस वक्त हुआ जब‎ सीबीएसई की सिटी कॉर्डिनेटर ममता सक्सेना बताया कि सेंट एंड्रयूज नाम के किसी विद्यालय की सीबीएसई से मान्यता नहीं है।

संबंधित समाचार