बदायूं: चोरों का आतंक, एक ही रात में खेड़ादास के कई घरों को बनाया निशाना

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

ओरछी, अमृत विचार। बुधवार की रात चोरों ने फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव खेड़ादास में जमकर आतंक मचा। घर पर परिवार के सामने के बाद भी चोरी की घटना को अंजाम दिया गया तो किसी का बंद मकान खंगाला। चोरों ने एक ही रात में गांव के कई घरों को निशाना बनाया। नगदी और सोने-चांदी के जेवर के अलावा घर का राशन और देशी घी तक चोरी कर लिए। पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौका मुआयना किया। जांच के बाद जल्द ही खुलासा करने का आश्वासन दिया है। वहीं ग्रामीणों ने पुलिस की गश्त पर सवाल उठाए हैं।

गांव निवासी अमरपाल पुत्र नत्थू ने तहरीर देकर बताया कि उनका परिवार बुधवार रात एक शादी समारोह में गया था। गुरुवार सुबह वापस घर लौटे तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। भीतर जाकर देखा तो संदूकों और अलमारियों के भी ताले टूटे थे। घर में सामान बिखरा पड़ा था। अमरपाल के अनुसार चोर उनके घर से सोने की चेन, चांदी की पाजेब, बिछुआ और पीतल के बर्तन चोरी करके ले गए हैं। वहीं गांव के ही रमेश पुत्र भूरे के घर पर चोरी हुई। रमेश ने तहरीर दी है। जिसमें बताया कि उनके दो मकान हैं। एक बुधवार रात परिवार के साथ एक मकान पर सोए थे। चोरों ने उनके दूसरे मकान को निशाना बनाया। 

मकान की टीन उखाड़कर भीतर घुसे। मकान में रखे 11 हजार रुपये नगद, सोने की दो अंगूठी, चांदी की चेन और लगभग साढ़े तीन किग्राम देशी घी चोरी करके ले गए। ग्रामीणों के अनुसार चोरों ने गांव निवासी बबलू मौर्य, सत्यवीर, कुंवरपाल, अनेक पाल और रामबाबू के बंद घरों से भी चोरी की है। वह लोग बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। ग्रामीणों ने उन्हें सूचना दे दी है। उनके आने के बाद ही सही आंकलन हो सकेगा। ग्रामीणों ने बताया कि चोरों ने ज्यादातर उन घरों को निशाना बनाया है जहां के लोग दिल्ली या पंजाब में रहने लगे हैं। गुरुवार को एक के बाद एक घर से चोरी होने की आवाजें आईं। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस पहुंची। फैजगंज बेहटा के थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। जिसकी जांच की जा रही है। जल्द ही खुलासा होगा। 

सीमावर्ती होने की वजह से फरार हो जाते हैं चोर
फैजगंज बेहटा क्षेत्र संभल, मुरादाबाद की सीमा से जुड़ा हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार बाहरी जिलों के आपराधिक किस्म के लोग यहां आकर घटना को अंजाम देते हैं और आसानी से अपने जिले में फरार हो जाते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस के रात्रि गश्त न करने की वजह से अपराधिक किस्म के लोगों के हौसले बुलंद हैं। उनमें पुलिस का खौफ नहीं रह गया है।

संबंधित समाचार