यूपी हेल्थ डैशबोर्ड में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर लखनऊ के CMO हुए सम्मानित, मण्डलायुक्त ने की स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश हेल्थ डैशबोर्ड में लखनऊ जनपद को प्रथम स्थान प्राप्त होने पर मंडलायुक्त ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनबी सिंह को को सम्मानित किया। अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण के सभागार में शुक्रवार को मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत और अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण की अध्यक्षता में लखनऊ मण्डल की स्वास्थ्य समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में लखनऊ, सीतापुर, हरदोई, लखीमपुर खीरी, उन्नाव और रायबरेली के मुख्य चिकित्साधिकारी और सभी जिला कार्यक्रम प्रबंधक शामिल हुए।

बैठक में मंडल के 118 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्साधिकारी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़कर मासिक समीक्षा में भागीदारी की। एनएचएम प्रबंधक, एसएमनेट यूपीटीएसयू और यूनीसेफ के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में योगदान दिया। आयुष्मान भारत अभियान, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, संस्थागत प्रसव,एचएमआईएस, एनसीडी स्क्रीनिंग सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। 

मंडलायुक्त ने निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री आरोग्य मेले और आयुष्मान आरोग्य शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएं और सभी स्वास्थ्य इकाइयों में सेवाओं की प्रभावी मॉनीटरिंग सुनिश्चित की जाए। बैठक के दौरान लखनऊ की एक स्वास्थ्य इकाई का लाइव वीडियो निरीक्षण भी किया गया। मण्डलायुक्त ने सभी जनपदों को अपने संकेतकों में सुधार करने के निर्देश दिए ताकि राज्य स्तर पर सभी जनपद शीर्ष दस में स्थान प्राप्त कर सकें।

आयुष्मान योजना और ऑनलाइन रिपोर्टिंग

अपर निदेशक डॉ. जीपी गुप्ता ने निर्देशित किया कि आयुष्मान योजना के लाभार्थियों को चिकित्सालयों में 100 प्रतिशत निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाए। सभी चिकित्सालय ऑनलाइन पंजीकरण और रिपोर्टिंग सुनिश्चित करें। रोगियों का विवरण आभा आईडी आधारित ऑनलाइन पंजीयन के माध्यम से दर्ज किया जाना अनिवार्य होगा।

बैठक में जनपद खीरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौरहरा के अधीक्षक डॉ. रवि सिंह ने लाइव वीडियो के माध्यम से वार्ड और मरीजों का निरीक्षण प्रस्तुत किया, जिसकी मंडलायुक्त ने प्रशंसा की।

ये भी पढ़ें : 
यूपी में होमस्टे पर्यटन योजना से बढ़ा रोजगार, ग्रामीण पलायन रुका 

संबंधित समाचार