हरदोई : शातिर गोकश ने दरोगा से छीना सर्विस रिवाल्वर, गोली लगने के बाद गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में गोकशी के आरोपी ने आज सुबह करीब पांच बजे पुलिस अभिरक्षा में आते समय पुलिस वाहन में सवार एक दरोगा का सर्विस रिवॉल्वर छीनकर पुलिस पर फायर करके हिरासत से भागने का प्रयास किया। जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्यवाही में वह गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि कासिमपुर थाना पुलिस बीती रात गश्त पर थी। 

इस बीच पुलिस टीम को गोगावां जोत के निकट एक प्लैटिना मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। जिसका चालक पुलिस टीम को देखकर अपनी बाइक छोड़कर मौके से भाग गया। पुलिस द्वारा बाइक पर बंधी हुई बोरी को चेक किया गया तो उसमें पशु मांस व तराजू बरामद हुई। स्थानीय पुलिस द्वारा पशु चिकित्सक से मांस का परीक्षण कराया गया जिसमें गौ मांस की पुष्टि हुई। इस संबंध में पुलिस थाने पर मुकदमा दर्ज करने के बाद घटना में संलिप्त अभियुक्त की गिरफ्तारी क लिये पुलिस टीम गठित करके उसकी तलाश की गयी। 

आरोपी की पहचान होने के बाद कासिमपुर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और गोकशी की घटना में शामिल बाइक सवार मूसा पुत्र रफीक निवासी ग्राम रसूलपुर आंट थाना कासिमपुर को कलरावा पुल के पास से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम शनिवार सुबह उसकी निशानदेही पर गोकशी की घटना से सम्बन्धित औजार, रस्सी बरामद करने के बाद पुलिस वाहन से कासिमपुर थाने वापस आ रही थी। 

पुलिस वाहन में सवार मूसा द्वारा बांगरमऊ रोड सई नदी के पास अचानक वाहन में बैठे दरोगा प्रदीप सिंह की सरकारी रिवाल्वर को छीनकर भागने की नियत से दरोगा और पुलिस टीम पर फायर किया गया। मौके पर मौजूद पुलिस टीम द्वारा त्वरित आवश्यक कार्यवाही करते हुए आत्मरक्षार्थ फायर किया गया जिसमें मूसा दाएं पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घटना के दौरान पुलिस का दरोगा प्रदीप सिंह भी वाहन से गिरने से घायल हुए है। पुलिस ने फिलहाल दोनों को सीएचसी संडीला में भर्ती कराया है। 

संबंधित समाचार