अमेरिका में लापता भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया का शव बरामद, भारतीय दूतावास ने जताया दुख, जल्द ही देश लाया जाएगा घर

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

नई दिल्लीः कैलिफोर्निया के बर्कले में पढ़ाई कर रहे 22 वर्षीय भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया लापता होने के छह दिन बाद अब नहीं रहे। उनकी मौत की पुष्टि हो गई है, और स्थानीय पुलिस ने उनका शव बरामद कर लिया है। साकेत कर्नाटक के मूल निवासी थे और यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, बर्कले (UC Berkeley) में केमिकल एंड बायोमॉलिक्यूलर इंजीनियरिंग में मास्टर्स कर रहे थे।

साकेत 9 फरवरी को लापता हुए थे। उन्हें आखिरी बार ड्वाइट वे के 1700 ब्लॉक में देखा गया था। पुलिस ने उन्हें 'एट-रिस्क' कैटेगरी में रखते हुए तलाश शुरू की। बर्कले हिल्स इलाके में उनके बैकपैक मिला था, जिसमें पासपोर्ट और लैपटॉप था। यह बैकपैक पार्क हिल्स इलाके में एक घर के दरवाजे पर पड़ा मिला। लेक अंजा और टिल्डेन रीजनल पार्क के आसपास बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चला, जिसमें पुलिस और अन्य एजेंसियां शामिल थीं।

भारतीय वाणिज्य दूतावास, सैन फ्रांसिस्को ने इस दुखद घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। दूतावास ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट किया कि लोकल पुलिस ने साकेत के शव की बरामदगी की पुष्टि कर दी है। दूतावास ने परिवार और उनके प्रियजनों के प्रति गहरी संवेदना जताई और कहा कि इस मुश्किल वक्त में वे परिवार को हरसंभव मदद देंगे। इसमें लोकल अधिकारियों से समन्वय, सभी औपचारिकताएं पूरी करना और शव को जल्द से जल्द भारत वापस लाने की व्यवस्था शामिल है। दूतावास के अधिकारी परिवार के सीधे संपर्क में हैं।

साकेत ने आईआईटी मद्रास से 2025 में बीटेक पूरा किया था और UC Berkeley में पोस्टग्रेजुएट प्रोग्राम में दाखिला लिया था। उनकी अचानक गुमशुदगी और अब मौत की खबर ने भारतीय छात्र समुदाय और परिवार को गहरा झटका दिया है।

यह घटना विदेश में पढ़ाई कर रहे भारतीय छात्रों की सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य पर फिर से सवाल खड़े करती है।

संबंधित समाचार