यूपी में बूथ स्तर तक सशक्त होगा भाजपा संगठन, प्रदेश में शुरू हुआ प्रशिक्षण महाभियान 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार: भाजपा ने प्रदेश में शुरू किए जा रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रशिक्षण अभियान के राष्ट्रीय सहसंयोजक ओमप्रकाश धनकड़ ने कहा कि प्रशिक्षण महाभियान से बूथ स्तर तक भाजपा संगठन सशक्त होगा। कार्यकर्ता निर्माण ही संगठन निर्माण की कुंजी है, जबकि प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने वैचारिक दृढ़ता, अनुशासन और सेवा भाव पर बल दिया।

शनिवार को बीबीडी विश्वविद्यालय स्थित सभागार में हुई कार्यशाला में राष्ट्रीय मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि प्रशिक्षण तराशने की प्रक्रिया है, जो सीखता है, वही आगे बढ़ता है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान को उन्होंने संगठन सशक्तिकरण का ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि यह कार्यकर्ताओं को विचार, व्यवहार और नेतृत्व, तीनों स्तरों पर समृद्ध करेगा।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानववाद और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का एक देश–एक विधान का संदेश आज भी भाजपा के लिए पथप्रदर्शक है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त कार्यकर्ता केवल चुनावी योद्धा नहीं, बल्कि समाज का मार्गदर्शक बनता है।

राज्य, जिला, मंडल व बूथ स्तर पर प्रशिक्षण वर्ग की बनी योजना

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि बूथ स्तर तक प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही संगठन की वास्तविक शक्ति हैं। यह महाभियान कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति-नीति, सेवा कार्यों और जनसंपर्क अभियानों से जोड़ते हुए उन्हें अधिक प्रभावी बनाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण महाभियान के अंतर्गत प्रदेश स्तर पर तीन दिन, जिला स्तर पर दो दिन, मंडल स्तर पर 24 घंटे और बूथ स्तर पर दो सत्रों में प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम का संचालन कर रहे प्रशिक्षण महाभियान के उत्तर-पूर्व क्षेत्र (उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार) के क्षेत्रीय प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद अमर पाल मौर्य ने पीपीटी के माध्यम से अभियान की विस्तृत रूपरेखा साझा की। उत्तराखंड के पूर्व महामंत्री राजू भंडारी, प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष, मोर्चों के पदाधिकारी, मीडिया, सोशल मीडिया और आईटी टीम के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें : 
यूपी की ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी का 'ग्रोथ मल्टीप्लायर’ बनीं महिलाएं, प्रदेश की अर्थव्यवस्था में बढ़ी भागीदारी

 

संबंधित समाचार