गोमती नगर विस्तार में 7.5 करोड़ से बाढ़ पंपिंग स्टेशन तैयार, बरसात में निवासियों को जलभराव से मिलेगी राहत
लखनऊ, अमृत विचार : गोमती नगर विस्तार में 7.5 करोड़ की लागत से बाढ़ पंपिंग स्टेशन बनकर तैयार है। 400 केएल क्षमता के इस पम्पिंग स्टेशन से बरसात में निवासियों को जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने शनिवार को पंपिंग स्टेशन का निरीक्षण करके मशीनों की टेस्टिंग कराने के निर्देश दिए।
एलडीए के मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह ने बताया कि गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-4 में जी-20 रोड के निकट बाढ़ पंपिंग स्टेशन स्थापित किया गया है। इसमें कुल छह पंप लगाए गए हैं। प्रत्येक पंप 60 एचपी का है। एक पंप प्रति मिनट 13,000 लीटर पानी निकालेगा। पंपिंग स्टेशन चालू होने से सेक्टर-4 व समीपवर्ती इलाकों में बरसात में होने वाले जलभराव की समस्या से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
पंपिंग स्टेशन के माध्यम से बरसात का पानी गोमती नदी में प्रवाहित किया जाएगा। मुख्य अभियंता ने बताया कि एलडीए ने जनेश्वर मिश्र पार्क, कैटिल कालोनी गऊ घाट व बसंतकुंज योजना में राष्ट्र प्रेरणा स्थल के पास भी 400 केएल क्षमता के 3 बाढ़ पंपिंग स्टेशन निर्मित किए हैं।
