Semi-Finals: उत्तराखंड और कर्नाटक का महामुकाबला, इकाना में खेला जायेगा रणजी ट्रॉफी का सेमीफाइनल

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : राजधानी स्थित अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में रविवार से रणजी ट्रॉफी का सेमीफाइनल मुकाबला शुरू होगा। सात साल के छोटे रणजी इतिहास में पहली बार अंतिम चार में पहुंची उत्तराखंड की टीम मजबूत कर्नाटक को चुनौती देगी। शनिवार को दोनों टीमों ने अभ्यास सत्र में जमकर पसीना बहाते हुए अपनी रणनीतियों को अंतिम रूप दिया।

दिग्गज खिलाड़ियों से सजी कर्नाटक की टीम फाइनल में जगह बनाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। टीम के पास मयंक अग्रवाल, देवदत्त पडिक्कल और करुण नायर जैसे अनुभवी बल्लेबाज मौजूद हैं। केएल राहुल के भी सेमीफाइनल में जुड़ने की संभावना है, जिससे बल्लेबाजी क्रम और सशक्त हो सकता है। युवा बल्लेबाज रविंद्रन स्मरण (688 रन) और ऑलराउंडर श्रेयस गोपाल (41 विकेट व 442 रन) टीम के लिए अहम साबित हो सकते हैं।

वहीं उत्तराखंड की सफलता का आधार सामूहिक प्रदर्शन रहा है। टीम की बल्लेबाजी की धुरी कुनाल चंदेला (709 रन) हैं। गेंदबाजी में स्पिनर स्वप्निल सिंह (52 विकेट) और जगदीशन सुचित (46 विकेट) ने विरोधी टीमों को चौंकाया है। कप्तान को भूपेन लालवानी और प्रशांत चोपड़ा से बड़ी पारियों की उम्मीद होगी, जबकि अवनीश सुधा का फॉर्म में लौटना टीम के मनोबल को मजबूती दे रहा है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला रोमांचक होने की पूरी उम्मीद है, जहां अनुभव और युवा जोश की कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।

संबंधित समाचार