भारत-नेपाल बॉर्डर पर SSB की कार्रवाई: भारी मात्रा में कोल्ड ड्रिंक, एसी और साइकिल जब्त, हिरासत में आरोपी 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

बहराइच। बहराइच जिले में भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में भारी मात्रा में कोल्ड ड्रिंक, एसी और साइकिल बरामद की हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। 42वीं वाहिनी के उप सेनानायक दिलीप कुमार ने बताया कि दो अप्रैल की रात रुपईडीहा स्थित बीआईटी जांच चौकी पर नियमित जांच के दौरान नेपाल की ओर जा रहे एक पिकअप वाहन को रुकने का इशारा किया गया लेकिन चालक अवरोधक तोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। 

उन्होंने बताया कि जवानों ने वाहन को करीब 50 मीटर आगे जाकर रोक लिया। जांच में वाहन से कोल्ड ड्रिंक के 175 कार्टन बरामद किए गए। प्रत्येक कार्टन में नौ बोतलें थीं, इस तरह कुल 1,575 बोतल बरामद हुईं। कुमार ने बताया कि चालक सीमा शुल्क से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। एसएसबी ने वाहन सहित बरामद माल जब्त कर नानपारा स्थित सीमा शुल्क कार्यालय को सौंप दिया। 

उन्होंने बताया कि उसी दिन सीमा स्तंभ संख्या 656 के पास एसएसबी की गश्ती टीम ने साइकिल के जरिए नेपाल ले जाए जा रहे दो एसी बरामद किए। कार्रवाई के दौरान एसएसबी ने एक तस्कर नानपारा निवासी मुन्नू को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी भाग गया। अधिकारी ने बताया कि बरामद दोनों एसी और दो साइकिल सीमा शुल्क विभाग को सौंप दी गई हैं। 

ये भी पढ़ें :
गैस बुकिंग में पूरी तरह से सुधार नहीं... होम डिलीवरी में लग रहे 10 दिन, गोदामों पर जाना मजबूरी

संबंधित समाचार