लखनऊ : मेट्रो में कल से शुरू होगी QR टिकटिंग सुविधा

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

यात्रियों को मिलेगी कैशलेस, तेज और सुविधाजनक टिकटिंग

लखनऊ, अमृत विचार : मेट्रो यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए टिकटिंग प्रणाली को और अधिक सरल एवं आधुनिक बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रहा है। अब मेट्रो यात्री घर बैठे QR टिकट बुक कर मेट्रो यात्रा का लाभ उठा सकेंगे। लखनऊ मेट्रो द्वारा QR आधारित टिकटिंग प्रणाली सोमवार से लॉन्च किए जाने की योजना है। यह जानकारी लखनऊ मेट्रो के ज्वाइंट जनरल मैनेजर पंचानन मिश्रा ने दी है।

नई व्यवस्था के तहत यात्री लखनऊ मेट्रो के आधिकारिक मोबाइल ऐप, टिकट वेंडिंग मशीन (TVM) अथवा टिकट काउंटर के माध्यम से QR टिकट आसानी से बुक कर सकेंगे। आधिकारिक ऐप के माध्यम से टिकट बुक करने पर यात्रियों को उनके मोबाइल फोन में डिजिटल रूप में QR टिकट उपलब्ध होगा, जबकि टिकट काउंटर एवं टिकट वेंडिंग मशीन से पेपर QR टिकट प्राप्त किया जा सकेगा।

QR टिकट के माध्यम से यात्रा करने वाले यात्री मेट्रो स्टेशन के प्रवेश एवं निकास के दौरान पीली पट्टी से चिह्नित ऑटोमेटिक फेयर कलेक्शन (AFC) गेट पर QR टिकट को स्कैन कर आसानी से आ-जा सकेंगे। प्रवेश के समय और यात्रा पूर्ण होने पर निकास के समय दोनों ही स्थितियों में पीली पट्टी वाले गेट पर QR टिकट स्कैन करना अनिवार्य होगा।

मेट्रो प्रशासन द्वारा सभी मेट्रो स्टेशनों पर QR सपोर्ट करने वाली नई टिकट वेंडिंग मशीनें स्थापित की जा रही हैं। प्रत्येक स्टेशन पर कम से कम एक QR सपोर्टेड टिकट वेंडिंग मशीन एवं एक QR सपोर्टेडॉ टिकट काउंटर उपलब्ध कराया जाएगा। QR सपोर्टेड टिकट वेंडिंग मशीन पर UPI द्वारा भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। अन्य टिकट वेंडिंग मशीनों से पहले की तरह टोकन आधारित यात्रा की सुविधा जारी रहेगी। QR टिकट उपलब्ध कराने वाली मशीनों पर विशेष QR सपोर्ट स्टिकर लगाए जाएंगे, जिससे यात्री इन्हें आसानी से पहचान सकें और बिना किसी परेशानी के QR टिकट प्राप्त कर सकें।

लखनऊ मेट्रो का यह कदम यात्रियों के समय की बचत के साथ-साथ कैशलेस, तेज़ और सुरक्षित यात्रा को बढ़ावा देगा। मेट्रो प्रशासन का उद्देश्य यात्रियों को स्मार्ट, सरल और सुगम परिवहन सुविधा प्रदान करना है।

संबंधित समाचार