Moradabad: स्वच्छता के दावे हवा, गोट में गंदगी का अंबार, गांव की नालियों में भरी कीचड़
मुरादाबाद, अमृत विचार। ग्राम पंचायत गोट में सड़कों पर लगे कूड़े के ढेर, बंद नालियां और जलभराव स्वच्छता की हकीकत बयां कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद रास्तों पर महीनों से कूड़े के ढेर लगे हैं। ग्रामीणों को मजबूरी में खुद ही नालियों में भरी कीचड़ हाथ से निकालनी पड़ रही है, जिसे उन्होंने मौके पर दिखाकर अपनी पीड़ा जाहिर की। जिससे लोगों में रोष है।
रविवार को मुरादाबाद ब्लॉक की ग्राम पंचायत गोट की गलियों में लंबे समय से जमा कूड़ा साफ दिखाई दिया। गांव निवासी राजवीर सिंह ने बताया कि उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक कुमार शर्मा से मिलकर गंदगी की लिखित शिकायत भी दी थी, लेकिन हालात में कोई सुधार नहीं हुआ। ग्रामीणों के अनुसार मुख्य सड़क पर स्थित नालियां पूरी तरह बंद हैं, जिससे जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान असलम हुसैन इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
वहीं सफाई कर्मचारी सविता गांव में करीब 15 दिन में एक बार आती हैं और प्रधान के निर्देशानुसार सीमित सफाई कर चली जाती हैं।गांव के प्राथमिक विद्यालय के गेट से लगा नाला कूड़े से पूरी तरह बंद पड़ा है, जिससे उठ रही दुर्गंध वातावरण को दूषित कर रही है। सड़कों पर भरे पानी के बीच से गुजर कर ग्रामीणों को अपने घरों तक आना-जाना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि वे पिछले छह महीनों से इस समस्या को झेल रहे हैं, लेकिन शिकायत करने पर भी प्रधान और सचिव द्वारा केवल टालमटोल किया जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव में नियमित सफाई कराई जाए और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
क्या बोले ग्रामीण
घर के सामने काफी लंबे समय से नालियां बंद पड़ी हैं। जिसकी वजह से घर के आगे हर वक्त गंदी पानी भर रहा है। घर में आने पर पहले पैर धोने पड़ते हैं, नहीं तो गंदे पानी के बीच से गंदगी घर में आती है।- सर्वेश कुमारी, गांव निवासी
गांव निवासी अर्जुन सिंह ने बताया कि प्राइवेट बैंक में मैनेजर हूं लेकिन हर दूसरे दिन मुझे घर के आगे बनी नाली में भरी कीचड़ को साफ करना पड़ता है। कई बार प्रधान से कहा, लेकिन नालियों में भरी कीचड़ नहीं निकलवाई गई।
उप निदेशक पंचायत राज अभय कुमार के मुताबिक अभी फिलहाल डीपीआरओ छुट्टी पर हैं। गांव गोट में गंदगी की शिकायत मिली है जल्द ही गांव में टीम भेज कर सफाई कराई जाएगी। वहीं सफाई कर्मचारी और प्रधान को डीपीआरओ द्वारा नोटिस भेज कर गांव में फैली गंदगी कारण पूछा जाएगा, साथ ही विभागीय कार्रवाई भी कराई जाएगी।
