पीलीभीत : सीसीटीवी में लंगड़ाता दिखा घर में घुसकर कुत्ते को निवाला बनाने वाला तेंदुआ, रेस्क्यू के लिए टीमें गठित

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

पीलीभीत, अमृत विचार। पूरनपुर तहसील क्षेत्र में तीन दिन पूर्व जिस तेंदुआ ने घर में घुसकर कुत्ते को उठाया था, वह चोटिल निकला। तेंदुआ लंगड़ाते हुए चल रहा है। फिलहाल जांच पड़ताल करने के बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर अब लंगड़ाते हुए चल रहे तेंदुआ को रेस्क्यू करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। तेंदुआ को रेस्क्यू करने के लिए पिंजड़ा लगाया जा चुका है। लगातार 24 घंटे निगरानी के लिए टीमें भी जुटा दी गई है।

मामला पूरनपुर तहसील क्षेत्र के गांव रम्पुरा कोन का है। बीती 12 फरवरी की रात एक तेंदुआ गांव निवासी सोनू सिंह के घर में जा घुसा था। तेंदुआ आंगन में सो रहे एक कुत्ते को मुंह में दबोचकर ले भागा था। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था। अगले दिन वन एवं वन्यजीव प्रभाग पूरनपुर रेंज की टीम मौके पर पहुंची थी। टीम ने घर को सुरक्षित करने के लिए जाल लगाते हुए निगरानी बढ़ाई थी। 

इधर रम्पुरा कोन गांव का ही एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें तेंदुआ पैरों से लंगड़ाकर चलते देखा जा रहा है। वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर वन महकमे ने जांच पड़ताल की तो मामला सही पाया गया। लंगड़ाते तेंदुआ के बारे में उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया गया था। 

इधर उच्चाधिकारियों की ओर से लंगड़ाकर चल रहे तेंदुआ की हकीकत जानने के लिए उसे रेस्क्यू करने की अनुमति दी गई है। उच्चाधिकारियों से मिले निर्देश के बाद रविवार को रम्पुरा कोन गांव के संबंधित क्षेत्र में पिजड़ा लगा दिया गया है। तेंदुआ की निगरानी के लिए टीमें भी लगा दी गई है। इसके अलावा तेंदुआ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए संबंधित क्षेत्र में कैमरा ट्रेप भी लगाए गए हैं।

 डीएफओ, वन एवं वन्यजीव प्रभाग भरत कुमार डीके ने बताया कि पूरनपुर रेंज के अंतर्गत एक तेंदुआ की निगरानी की जा रही थी। तेंदुआ के लंगड़ाकर चलने का मामला प्रकाश में आया है। ऐसे में उसे रेस्क्यू करने का निर्णय लिया गया है, ताकि उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया जा सके। रेस्क्यू करने के लिए संबंधित क्षेत्र में पिंजड़ा लगाया गया है। टीमों को लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। 

संबंधित समाचार