UP: राजपाल यादव लोन विवाद पर उद्योगपति का पक्ष, फिल्म के लिए पांच करोड़ देने का दावा

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। अभिनेता राजपाल यादव से जुड़े लोन विवाद पर शाहजहांपुर के उद्योगपति माधव गोपाल अग्रवाल ने पहली बार खुलकर अपनी बात रखी है। उन्होंने बताया कि फिल्म ‘अता पता लापता’ के निर्माण के लिए राजपाल यादव के आग्रह पर उनकी कंपनी की ओर से पांच करोड़ रुपये का कर्ज दिया गया था।

अग्रवाल के मुताबिक यह मामला वर्ष 2012 से चला आ रहा है। लोन देते समय पूरी लिखापढ़ी की गई थी। बाद में रकम वापस न किए जाने पर कंपनी ने कानूनी कार्रवाई शुरू की। भुगतान के लिए दिए गए चेक भी बाउंस हो गए थे, जिसके बाद मामला अदालत पहुंचा। उन्होंने बताया कि लोन के बाद तीन सप्लीमेंट्री एग्रीमेंट भी किए गए और पूरा प्रकरण दिल्ली उच्च न्यायालय में विचाराधीन रहा। अग्रवाल ने कहा कि एग्रीमेंट में यह शर्त थी कि फिल्म के निगेटिव प्रिंट राजपाल यादव के पास रहेंगे। जब उन्हें टीवी के जरिए पता चला कि फिल्म का म्यूजिक अमिताभ बच्चन ने लॉन्च किया है, तब उन्हें स्थिति की जानकारी हुई।

उद्योगपति के अनुसार एग्रीमेंट का पालन न होने पर फिल्म पर स्टे लगवाया गया था। बाद में राजपाल यादव ने फिल्म रिलीज होने देने का अनुरोध  किया। उन्होंने बताया कि आग्रह पर पांच-छह दिन या करीब एक सप्ताह के भीतर दिल्ली उच्च न्यायालय से स्टे हटवा लिया गया, जिसके बाद दो नवंबर 2012 को फिल्म रिलीज हो सकी। हाल में अदालत के आदेश पर राजपाल यादव को तिहाड़ जेल में सरेंडर करना पड़ा था।

कुछ दिन जेल में रहने के बाद वह रिहा हुए और समर्थकों का आभार जताया। इसी बीच उनकी भतीजी की शादी शाहजहांपुर में हुई, जहां 18 फरवरी को आयोजित संगीत समारोह में वह डांस करते दिखाई दिए। उन्होंने बताया कि लोन से जुड़ी जितनी भी बैठकें हुईं, उनमें राजपाल यादव और राधा शामिल होते थे। मई 2012 में उनके बड़े भाई श्रीपाल यादव फैक्ट्री में आग लगने के बाद संवेदना व्यक्त करने आए थे, इसके अलावा परिवार के अन्य सदस्यों से उनकी कोई मुलाकात नहीं हुई।

संबंधित समाचार