UP: रामपुर के छात्र की रुद्रपुर में संदिग्ध हालत में मौत, हत्या की आशंका
रामपुर, अमृत विचार। ज्वालानगर शिव विहार कॉलोनी निवासी छात्र गगन सागर (22) की रुद्रपुर में शनिवार शाम संदिग्ध हालत में मौत हो गई, छात्र का शव कमरे में लटका मिला है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए शव को रामपुर ले आए और पुलिस को सूचना देते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया है। परिजनों ने मामले में हत्या की तहरीर दी है।
शिव विहार कॉलोनी निवासी गगन सागर रुद्रपुर में किराए पर रहकर मैक स्टूडियो में वीडियो एडिटिंग कोर्स कर रहा था। शनिवार को उसे घर लौटना था और सुबह तक परिजनों से उसकी बातचीत भी हुई थी, लेकिन बाद में संपर्क टूट गया। जब उसके मामा विपिन कमरे पर पहुंचे तो उन्होंने खिड़की से गगन का शव पंखे से लटका देखा। हालांकि परिजन गगन के शव को रामपुर ले आए, लेकिन उन्हें हत्या का अंदेशा लगा तो उन्होंने रामपुर पुलिस से संपर्क किया।
गगन के पिता ओमप्रकाश ने बेटे की हत्या की आशंका व्यक्त की है। पुलिस को मौके से मृतक का मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जबकि उसका लैपटॉप गायब बताया गया है। पुलिस मामले में जांच में जुट गई है। एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि युवक की मौत के मामले में पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है।
शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले अन्य साक्ष्यों के आधार पर बिलासपुर थाने की पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। फिलहाल फोरेंसिक समेत अन्य टीमें घटना की जांच में जुटी हैं। पुलिस घटना को वैलेंटाइन-डे से भी मामले को जोड़ते हुए पड़ताल कर रही है।
