बाराबंकी में भाजपा किसान मोर्चा ने फूंका राहुल गांधी का पुतला, जमकर की नारेबाजी
बाराबंकी, अमृत विचार। जिले के हरख चौराहे पर रविवार को भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन नई दिल्ली के भारत मंडपम में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए हंगामे के विरोध में किया गया।
भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष आशुतोष अवस्थी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आशुतोष अवस्थी ने कहा कि नई दिल्ली में आयोजित एआई इंपैक्ट समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में प्रदर्शन किया था।
इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं द्वारा शर्टलेस होकर हंगामा करने की घटना से नाराजगी व्याप्त है। आशुतोष अवस्थी ने आरोप लगाया कि यूथ कांग्रेस का यह प्रदर्शन राहुल गांधी और कांग्रेस की सोची-समझी रणनीति का हिस्सा था, जिसके विरोध में भाजपाई विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान हरख मंडल अध्यक्ष सरिता वर्मा, बिंद्रा प्रसाद वर्मा, शिवस्वामी वर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष अरुण वर्मा, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष बुद्धिराम वर्मा, विजय वर्मा, जयपाल वर्मा, अशोक वर्मा, मंडल उपाध्यक्ष दिनेश गोस्वामी एवं आशीष मिश्रा सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
