Moradabad: परीक्षा की तैयारी के बीच हॉबी देगी तनाव से राहत, छोटा ब्रेक लेकर पूरा करें अपना शौक 

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। बोर्ड परीक्षा का समय विद्यार्थियों के लिए चुनौती और दबाव दोनों लेकर आता है। लंबी पढ़ाई, समय प्रबंधन और बेहतर प्रदर्शन की चिंता कई बार मानसिक तनाव का कारण बन जाती है। ऐसे में विशेषज्ञ मानते हैं कि पढ़ाई के बीच अपने पसंदीदा शौक (हॉबी) के लिए थोड़ा समय निकालना तनाव कम करने और मानसिक संतुलन बनाए रखने में बेहद सहायक हो सकता है।

मनोविज्ञान के विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार कई घंटों तक पढ़ाई करने से मस्तिष्क थक जाता है, जिससे एकाग्रता घटने लगती है। यदि छात्र-छात्राएं पढ़ाई के बीच 20 से 30 मिनट का छोटा ब्रेक लेकर संगीत सुनें, चित्रकारी करें, हल्का व्यायाम करें, बागवानी या कोई रचनात्मक कार्य करें तो मानसिक ताजगी बनी रहती है।

इससे पढ़ाई में दोबारा बैठने पर ध्यान अधिक केंद्रित होता है और विषयों को समझने की क्षमता भी बढ़ती है। उनका कहना है कि हॉबी पढ़ाई का विकल्प नहीं, बल्कि एक संतुलित ब्रेक होनी चाहिए। यदि विद्यार्थी समय का सही प्रबंधन करें और निर्धारित लक्ष्य पूरा करने के बाद ही शौक के लिए समय दें, तो यह उनके प्रदर्शन को बेहतर बनाने में मददगार साबित होता है।

रिलीफ वाल्व का काम करती है हॉबी
मनोविज्ञानी डॉ. कुमार मंगलम सारस्वत का कहना है, बोर्ड परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों पर अपेक्षाओं का दबाव स्वाभाविक है। ऐसे में हॉबी मानसिक ‘रिलीफ वाल्व’ का काम करती है। जब छात्र अपने मनपसंद कार्य में थोड़ी देर व्यस्त होते हैं तो मस्तिष्क में सकारात्मक हार्मोन सक्रिय होते हैं, जिससे चिंता और घबराहट कम होती है। यह जरूरी है कि शौक को सीमित समय तक ब्रेक की तरह अपनाया जाए, न कि पढ़ाई से बचने का बहाना बनाया जाए। संतुलित दिनचर्या ही सफलता की कुंजी है।

खुश मन के साथ करें तैयारी
अंग्रेजी के शिक्षक गोपाल मेहरोत्रा बताते हैं विद्यार्थी पढ़ाई के बीच छोटे-छोटे अंतराल रखें। लगातार पढ़ाई से दिमाग बोझिल हो जाता है, जबकि हॉबी उसे तरोताजा करती है। कविता लिखना, किताब पढ़ना या हल्की वॉक करना मानसिक स्पष्टता बढ़ाता है। जब मन प्रसन्न रहता है तो याद किया हुआ विषय लंबे समय तक स्मरण रहता है। परीक्षा में अच्छे परिणाम के लिए मानसिक स्वास्थ्य का संतुलित रहना उतना ही आवश्यक है जितना नियमित अध्ययन।

संबंधित समाचार