कोडीन कफ सिरप : अमित यादव ने शुभम जायसवाल को बनाया मंडी का सिरप किंग, जानिए कैसे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

वाराणसी। कोडीन युक्त प्रतिबंधित कफ सिरप मामले में उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स ( एसटीएफ) ने जिस पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अमित यादव को गिरफ्तार किया है, उसी के दम पर सरगना शुभम जायसवाल ने काशी से पूर्वांचल होते हुए बांग्लादेश तक अपने नेटवर्क का ताना-बाना बुन दिया। 

हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष अमित यादव ने सप्त सागर दवा मंडी में शुभम जायसवाल को मैनपावर के जरिए बड़ा बैकअप दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, नशे के काले कारोबार में शुभम जायसवाल ने अमित यादव को एक ढाल की तरह इस्तेमाल किया। पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अमित यादव के पास युवाओं की बड़ी टीम बताई जा रही है, जिसका फायदा शुभम जायसवाल ने बखूबी उठाया। 

सप्त सागर दवा मंडी में उसके नशे के कारोबार को जानते हुए भी किसी ने आवाज नहीं उठाई। अमित यादव की दबंगई और युवाओं की फौज के जरिए शुभम जायसवाल ने नशे के कारोबार को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक फैला दिया। अमित यादव समाजवादी पार्टी (सपा) युवजन सभा का पदाधिकारी भी रह चुका है। 

मंडी में शुभम जायसवाल का विरोध कोई न करे, इसलिए योजना के तहत अमित यादव को नेटवर्क से जोड़ा गया। अमित यादव को शुभम जायसवाल ने कई बार विदेश यात्रा भी कराई। आगे बताया जा रहा है कि अमित यादव ने और कई राज खोले हैं, कुछ और बड़े नाम सामने आ सकते हैं। 

संबंधित समाचार