हज 2026: अब और हाई टेक होगी यात्रा, जानिए कब शुरू हो रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम
दिल्ली। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय ने हज 2026 के लिए प्रतिनियुक्त अधिकारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि हज 2026 के लिए प्रतिनियुक्त अधिकारियों के ओरिएंटेशन-कम-ट्रेनिंग कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य राज्य मंत्री जार्ज कुरियन ने किया। इसके साथ ही हज 2026 की औपचारिक तैयारियों का शुभारंभ हुआ।
इस वर्ष लगभग 1.75 लाख भारतीय जायरीन हज यात्रा पर जाएंगे। इस दौरान जॉर्ज कुरियन ने कहा कि हज प्रबंधन विदेश में भारत द्वारा संचालित सबसे बड़े और जटिल लॉजिस्टिक अभियानों में से एक है। उन्होंने कहा कि प्रतिनियुक्त अधिकारी लगभग 1.75 लाख जायरीन की सेवा के लिए तैनात होंगे और वह सऊदी अरब में भारत सरकार का प्रतिनिधित्व करेंगे। हज 2026 के लिए चयनित प्रतिनियुक्त अधिकारी विभिन्न सरकारी संगठनों से लिए गए हैं।
ये अधिकारी लगभग ढाई महीने के लिए सउदी अरब में तैनात रहेंगे और जेद्दा स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास की निगरानी में प्रशासनिक एवं चिकित्सीय सहायता प्रदान करेंगे। कुरियन ने बताया कि बुजुर्ग जायरीनों के लिए सहायक की सुविधा तथा बिना मेहरम के यात्रा करने वाली महिला जायरीनों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के सचिव डॉ. सी. एस. कुमार ने प्रतिनियुक्त अधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि हज 2026 की तैयारियों को सुव्यवस्थित किया गया है और चरणबद्ध प्रशिक्षण के माध्यम से अधिकारियों को जमीनी परिस्थितियों के लिए तैयार किया जा रहा है। हज यात्रा को बेहतर बनाने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म और एआई-सक्षम प्रणालियों के उपयोग, फील्ड अधिकारियों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर निरंतर सुधार किया जा रहा है।
