Bareilly: यूडीआई वेबसाइट में आई तकनीकी दिक्कत, दोपहर तक ठप रहीं रजिस्ट्री

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। बैनामा कराने के लिए यूडीआई (यूनिक डिवाइस आइडेंटिफिकेशन) वेबसाइट ने साेमवार की सुबह से लेकर दोपहर 3 बजे तक बैनामा कराने वाले सैकड़ों लोगों को परेशान कर दिया। बेवसाइट में आई तकनीकी खराबी से तहसील सदर के निबंधक कार्यालय के प्रथम और द्वितीय में 3 बजे तक एक भी बैनामा नहीं हुआ।

एआईजी स्टांप को दस्तावेज लेखकों ने कॉल कर बेवसाइट की दिक्कत भी बताई थी लेकिन दाेपहर 3 बजे के बाद ही बेवसाइट के चलने पर बैनामे हो सके। उत्तर प्रदेश दस्तावेज लेखक संघ के प्रदेश अध्यक्ष वेद प्रकाश सक्सेना ने बताया कि सुबह 10 बजे से यूडीआई बेवसाइट में आई तकनीकी दिक्कत से दोपहर 3 बजे तक आधार सत्यापन के दौरान ओटीपी नहीं आए। ओटीपी न आने से आधार सत्यापित नहीं हो रहे थे, इस कारण पंजीकरण आवेदन ऑनलाइन सबमिट नहीं हुए। इससे एक भी रजिस्ट्री नहीं हुई।

एआईजी स्टांप को कॉल करके दिक्कत बताई, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। दोपहर 3 बजे के बाद बैनामे शुरू हुए। शाम तक कम ही बैनामे हो सके। जबकि सोमवार को सुबह से उप निबंधक कार्यालयों से लेकर बाहर टीन में दस्तावेज लेखकों के काउंटरों पर जमीन बेचने-खरीदने वालों की भीड़ जुट गई थी। वहीं, एआईजी स्टांप तेज सिंह यादव से इस संबंध में जानकारी लेनी चाही लेकिन उनकी कॉल नहीं रिसीव हुई।

संबंधित समाचार