Pilibhit: सपा में शामिल हुए पूर्व मंत्री फूल बाबू ने बढ़ाया सियासी समीकरण का रोमांच 

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

पीलीभीत, अमृत विचार। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच बहुजन समाज पार्टी को झटका लगा है। बीसलपुर विधानसभा सीट से तीन बार विधायक और बसपा शासनकाल में मंत्री रहे अनीस अहमद खां उर्फ फूलबाबू अब साइकिल पर सवार हो गए हैं। एक दिन पूर्व लखनऊ में अपने समर्थकों संग वह समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। मंगलवार को वह पीलीभीत पहुंचेंगे और सपा कार्यालय पर उनके स्वागत की तैयारी कर ली गई है। इसके बाद वह अपने आवास पर प्रेसवार्ता भी करेंगे।

दरअसल बहुजन समाज पार्टी के कद्दावर नेताओं में शुमार अनीस अहमद खां उर्फ फूलबाबू की पिछले साल लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से हुई मुलाकात राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ा गई थी। उनके सोशल मीडिया प्रोफाइल पर अखिलेश यादव के साथ की फोटो ने बसपा को झटका देने की ओर इशारा कर दिया गया था। हालांकि सपा में उनके शामिल होने की औपचारिक घोषणा बाकी थी। 

रविवार को लखनऊ में उन्होंने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के समक्ष हुए कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी में आ ही गए। इसकी बकायदा घोषणा सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से की गई।  अब उनके स्वागत की तैयारी चल रही है। उनके मीडिया मोहम्मद साबिर ने बताया कि पूर्व मंत्री अनीस अहमद खां उर्फ फूलबाबू मंगलवार को पीलीभती पहुंचेंगे। नकटादाना चौराहा के पास स्थित कार्यालय पर उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वह अपने आवास पर प्रेसवार्ता करेंगे।

बीसलपुर से तीन बार रह चुके हैं विधायक 
समाजवादी पार्टी में फूलबाबू की एंट्री पार्टी के ही कई नेताओं की चिंता बढ़ा गई है। खासकर वह मुस्लिम समाज से जुड़े नेता, जो विधानसभा चुनाव में उतरने की तैयारियों में जुटे हुए थे। दरअसल, अनीस अहमद उर्फ फूलबाबू एक बड़ा नाम है। वह तीन बार बीसलपुर से विधायक व मंत्री भी रह चुके हैं।  अब विधानसभा चुनाव 2027 से पूर्व उनका सपा में आना, कईयों के समीकरण बदलने से जोड़कर देखा जा रहा है। इसकी चर्चाएं पार्टी में ही तेज हो चुकी हैं।

संबंधित समाचार