आरटीई के तहत UP के सभी जिलों से 2.61 लाख आवेदन, पहले स्थान पर लखनऊ तो दूसरे पर वाराणसी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत निजी विद्यालयों में 25 प्रतिशत सीटों पर निःशुल्क प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया को लेकर इस वर्ष रिकॉर्ड संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं। शैक्षिक सत्र 2026-27 के पहले चरण में प्रदेश के सभी 75 जिलों से कुल 2,61,501 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि पिछले सत्र 2025-26 के पहले चरण में यह संख्या 1,32,446 थी।

जनपदवार आंकड़ों में लखनऊ 18,107 आवेदनों के साथ पहले स्थान पर है, जबकि वाराणसी 17,476 आवेदनों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। आगरा (13,627), कानपुर नगर (13,546), बुलंदशहर (10,831), मेरठ (9,145), मुरादाबाद (9,028) और अलीगढ़ (8,567) भी शीर्ष जिलों में शामिल हैं। वहीं श्रावस्ती (125), चित्रकूट (211), हमीरपुर (220), बस्ती (369) और कन्नौज (495) जैसे जिलों में अपेक्षाकृत कम आवेदन प्राप्त हुए हैं।

मंगलवार को महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक (समग्र शिक्षा) मोनिका रानी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार छात्रों के चयन के लिए 18 फरवरी 2026 को ऑनलाइन लॉटरी निकाली जाएगी। चयनित बच्चों को 20 फरवरी 2026 तक संबंधित निजी विद्यालयों में प्रवेश दिलाया जाएगा।

वहीं दूसरे चरण में आवेदन 21 फरवरी से 7 मार्च 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे, जिसकी लॉटरी 9 मार्च को होगी और 11 मार्च तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। तीसरे चरण में आवेदन 12 मार्च से 25 मार्च 2026 तक लिए जाएंगे, जबकि 27 मार्च को लॉटरी और 29 मार्च 2026 तक प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि शासन ने सभी जिलों में मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों की सूची, सीटों का विवरण और क्षमता अपडेट करने तथा नोडल अधिकारियों के माध्यम से योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि वे बेहतर भविष्य की ओर अग्रसर हो सकें।

संबंधित समाचार