बांके बिहारी मंदिर : होली पर जगमोहन में विराजेंगे ठाकुर जी, चंद्र ग्रहण पर बदलेगा दर्शन समय

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मथुरा। विश्व प्रसिद्ध ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर के प्रबंधन एवं आगामी उत्सवों को लेकर सोमवार को लक्ष्मण शहीद स्मारक भवन में हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी की 12वीं बैठक आयोजित की गई। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति अशोक कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में होली उत्सव, सुरक्षा व्यवस्था और वित्तीय पारदर्शिता समेत 15 सूत्रीय एजेंडे पर चर्चा की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि फाल्गुन होली उत्सव के दौरान ठाकुर बांके बिहारी जी को जगमोहन में विराजमान किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन हो सकें। इसके साथ ही मंदिर परिसर में भव्य पुष्प सजावट की जाएगी। वहीं 3 मार्च 2026 को पड़ने वाले चंद्र ग्रहण के मद्देनजर मंदिर की दर्शन समय-सारिणी में बदलाव करने का भी निर्णय लिया गया है, जिसकी नई व्यवस्था शीघ्र जारी की जाएगी।

कमेटी ने मंदिर की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर कड़ा रुख अपनाया। सफाई व्यवस्था में लापरवाही और जीएसटी जमा न करने वाली सुरक्षा एजेंसी पीएलएन-9 सिक्योरिटी को हटाने की कार्रवाई की समीक्षा की गई। इसके साथ ही मंदिर के सभी सेवायतों के सहयोगियों का अनिवार्य रूप से पुलिस चरित्र सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए।

मंदिर से जुड़े अभिलेखों को डिजिटल एवं सुरक्षित बनाने की योजना पर भी सहमति बनी। वित्तीय प्रबंधन को लेकर बैठक में निर्णय लिया गया कि मंदिर को मिलने वाले दान पर श्रद्धालुओं को आयकर की धारा 80जी के तहत छूट दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

इसके अलावा भोग प्रसाद के दैनिक बजट को 22,300 रुपये से बढ़ाने और विभिन्न बैंकों में जमा धनराशि को मुख्य खातों में स्थानांतरित करने पर भी सहमति बनी। बैठक में सेवानिवृत्त न्यायाधीश मुकेश मिश्रा, जिला जज विकास कुमार, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह तथा गोस्वामी समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार