पिता दुनिया में नहीं, SDM और ब्लॉक प्रमुख ने किया कन्यादान... सामूहिक विवाह समारोह में विधायक के प्रतिनिधि ने भी पेश की अनुकरणीय मिसाल

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

मलिहाबाद में 92 और गोसाईंगंज में 78 जोड़ों का हुआ विवाह

लखनऊ, अमृत विचार : मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत हुए समारोह में बुधवार को अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किए। एसडीएम मोहनलालगंज, ब्लॉक प्रमुख गोसाईगंज और सरोजनीनगर विधायक के प्रतिनिधि ने तीन ऐसी कन्याओं का कन्यादान किया, जिनके पिता इस दुनिया में नहीं हैं। मलिहाबाद और गोसाईंंगंज तीन ब्लॉकों व चार नगरीय क्षेत्र की 170 बेटियों के विवाह कराए गए। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने नव युगलों का आशीर्वाद और उपहार देकर विदा किया।

मलिहाबाद के रजवाड़ा मैरिज लॉन में मलिहाबाद ब्लॉक क्षेत्र के 92 जोड़ों का एक ही पंडाल के नीचे विवाह कराया गया। पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर ने वर-वधू को आशीर्वाद दिया। गोसाईगंज के विशाल लॉन में गोसाईगंज ब्लॉक के 50 जोड़े, सरोजनी नगर ब्लॉक के 14 जोड़े, नगर पंचायत बंथरा, काकोरी, मलिहाबाद और गोसाईगंज के 14 जोड़ों ने भी इस विवाह समारोह में फेरे लिए। गोसाईगंज के ब्लॉक प्रमुख विनय वर्मा, उपजिलाधिकारी मोहनलालगंज पवन पटेल ने रितु कुमारी पुत्री स्वर्गीय विनोद कुमार, सोनम पुत्री स्वर्गीय हंसराज और सरोजनीनगर विधायक के नगर प्रतिनिधि सविता गोयल ने रानी पुत्री स्वर्गीय रघुवीर का कन्यादान किया। मोहनलालगंज विधायक अमरेश कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष विजय मौर्या, समाज कल्याण अधिकारी अंजनी कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारियों ने आशीर्वाद दिया।

कुल 5,506 जोड़ों का हुआ विवाह, अब एक लाख की योजना

समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों का सहारा बनी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत वर्ष 2017 से कुल 5,506 जोड़ों का विवाह कराया गया है। इस वित्तीय वर्ष में 618 जोड़ों योजना से लाभान्वित हुए हैं। योजना में 60 हजार कन्या के खाते में आते हैं। 25 हजार रुपये से वैवाहिक उपहार सामग्री के साथ रुपये 15 हजार से विभाग द्वारा आयोजन में खर्च किए जाते हैं।

संबंधित समाचार