होली में हुड़दंग किया तो सीधे हवालातः पुलिस का अल्टीमेटम, उपद्रवियों पर 2 लाख का शिकंजा
देवा, बाराबंकी: अमृत विचार: देवा कस्बे के ऐतिहासिक होली जुलूस में इस बार शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों की खैर नहीं होगी। पुलिस ने साफ चेतावनी दे दी है कि जुलूस में नशे की हालत में मिले तो सीधे थाने की सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा और चिन्हित उपद्रवियों से 2 लाख रुपये का मुचलका भरवाया जाएगा देवा कोतवाली परिसर में आयोजित शांति समिति की बैठक में कोतवाली प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी ने दो टूक शब्दों में कहा कि पिछले वर्षों में जुलूस की गरिमा बिगाड़ने वालों की पूरी सूची पुलिस के पास है। इस बार वीडियो फुटेज और खुफिया जानकारी के आधार पर ऐसे लोगों पर पैनी नजर रखी जाएगी।
उन्होंने साफ कहा कि शराब पीकर बाइक चलाना, सड़क पर उत्पात मचाना या जुलूस में माहौल खराब करने की कोशिश करना भारी पड़ेगा। पुलिस ने दो ब्रेथ एनालाइजर मशीन मंगा ली हैं, जिनसे मौके पर ही जांच होगी। फूंक मारते ही शराब पीने की पुष्टि होते ही कार्रवाई तय मानी जाएगी पुलिस ने नई उम्र के युवकों को भी सख्त चेतावनी दी है। ट्रिपल राइडिंग करते पकड़े जाने पर बाइक तत्काल सीज होगी, जबकि नशे में मिले लोगों को सीधे हवालात भेजा जाएगा। जुलूस की निगरानी के लिए प्रत्येक वार्ड से वॉलिंटियर तैनात किए जाएंगे, जो उपद्रवियों की सूचना तुरंत पुलिस को देंगे कोतवाल ने कहा कि शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और जरूरत पड़ने पर पहले ही नोटिस देकर पाबंद किया जाएगा, ताकि होली का त्योहार सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष हारून वारसी, शहजादे आलम वारसी, चमन लाल निगम, अजय निगम, राजू श्रीवास्तव, लकी निगम, राधे जायसवाल, सोहनलाल वाल्मीकि, दीपक सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
2.png)
50 साल से अधिक पुराना जुलूस, लेकिन जिम्मेदारी पर बना संशय
देवा के प्रसिद्ध पारंपरिक होली जुलूस का वर्षों से संचालन करती आ रही वारसी होली उत्सव समिति ने इस बार निजी कारणों से जिम्मेदारी लेने से इंकार कर दिया है। समिति द्वारा प्रशासन को पत्र सौंपने के बाद जुलूस संचालन को लेकर कस्बे में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है हालांकि पुलिस ने समिति को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया, लेकिन पदाधिकारी अपने फैसले पर कायम हैं। अब देवा के ऐतिहासिक होली जुलूस का संचालन कौन करेगा, इसे लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
