यूपी बजट सत्र : ऊर्जा मंत्री का विपक्ष पर तीखा प्रहार, कहा- सपा सरकारों ने यूपी को बना रखा था "बीमारू" राज्य
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा की कार्यवाही के दौरान गुरुवार को ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि सपा सरकारों ने प्रदेश को "बीमारू" बनाकर रखा था। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार के प्रयासों से प्रदेश में प्रति व्यक्ति बिजली खपत 724 यूनिट तक पहुंच गई है, जो अब तक का उच्च स्तर है।
प्रदेश के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है जब लगातार छह वर्षों तक बिजली दरों में एक भी पैसा वृद्धि नहीं की गई। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि यह पहली बार है जब गरीब उपभोक्ताओं को बकाया बिल जमा करने पर 25 प्रतिशत तक की छूट दी गई। साथ ही किसानों के बिजली बिल भी माफ किए गए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार के सभी निर्णय जनता, विशेषकर पिछड़े वर्गों और पिछड़े क्षेत्रों के विद्युतीकरण को ध्यान में रखकर लिए जा रहे हैं। बिजली के निजीकरण को लेकर हो रही चर्चाओं पर मंत्री ने कहा कि सरकार जो भी कदम उठाएगी, वह प्रदेश और कर्मचारियों के हित में होगा।
उन्होंने कहा कि विपक्ष कर्मचारियों के हितों की बात करता है, लेकिन पिछले छह वर्षों में एक भी कर्मचारी ने हड़ताल नहीं की है। ऊर्जा मंत्री ने सदन में कहा कि प्रदेश के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है जब लगातार छह वर्षों तक बिजली दरों में एक भी पैसा वृद्धि नहीं की गई।
उनका दावा था कि 2017 के बाद पहली बार प्रदेश के हर नागरिक तक बिजली पहुंचाने का काम किया गया है और अब लोगों को निर्बाध आपूर्ति मिल रही है। उन्होंने कहा कि "डबल इंजन" सरकार के प्रयासों से उत्तर प्रदेश देश में सर्वाधिक बिजली आपूर्ति करने वाला राज्य बना है और ऊर्जा क्षेत्र में प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रगति की है।
