बाराबंकी : मोहम्मदपुर खाला थाने के पीछे जिंदा जलती मिली युवती, युवक पर आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

सूरतगंज/बाराबंकी, अमृत विचार। गुरुवार को मोहम्मदपुर खाला थाने के पीछे एक ईंट भठ्ठा के पास एक किशोरी गंभीर रूप से झुलसी दशा में मिली। जिसने लखनऊ ले जाते समय दम तोड़ दिया। घटनास्थल से पुलिस ने किशोरी को तत्काल सीएचसी भिजवाया। जहां से जिला अस्पताल फिर लखनऊ रेफर कर दिया गया था। उसने अपने बयान में किसी पेट्रोल पंप कर्मी का नाम लिया है, जिसकी तलाश की जा रही है।

जानकारी के अनुसार मोहम्मदपुर खाला थाना परिसर के पीछे कुछ दूरी पर प्रभास के नाम से ईंट भठ्ठा है। उसके करीब आग व धुआं उठता देखकर किसी राहगीर ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस मौके पर पहुंची तो एक किशोरी को जलता देखा। पुलिस ने तत्काल आग बुझवाकर उसे सीएचसी भिजवाया, जहां से उसे गंभीर दशा में जिला अस्पताल फिर हालत गंभीर देख लखनऊ रेफर कर दिया गया। लखनऊ ले जाते समय किशोरी ने दम तोड़ दिया। जिससे यह घटना और गंभीर हो चली है।

बताया जा रहा कि घटनास्थल पहुंची किशोरी ने कथित रूप से पेट्रोल खुद पर छिड़ककर आग लगी ली। लपटों से घिरी किशोरी इधर उधर भागने लगी फिर एक मचान के पास जाकर गिर गई। किशोरी कस्बा की ही रहने वाली है और मंदबुद्धि बताई जा रही है। एक माह पहले किशोरी के पिता की मौत सियार के काटने से हो चुकी है।

जिला अस्पताल में उसने जिस पेट्रोल पंप कर्मी अखिलेश का नाम लिया, वह फिलहाल वहां काम नहीं करता लेकिन पुलिस ने सिरे से तलाश शुरु कर दी है। प्रभारी निरीक्षक आशुतोष मिश्रा ने बताया कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। युवक की तलाश जारी है।

संबंधित समाचार