Ramour : सड़क हादसे में पति की मौत पत्नी गंभीर रूप से घायल

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

अजीमनगर थाना क्षेत्र में बाइक में कार की टक्कर से हादसा

सैदनगर, अमृत विचार। अजीमनगर थाना क्षेत्र में बुधवार रात हुए सड़क हादसे में पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल है। हादसा तेज रफ्तार कार और बाइक में टक्कर के बाद हुआ। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मामला अजीमनगर थाना क्षेत्र के खौद लालपुर रोड का है। रामपुर तोपखाना हजरतपुर निवासी खुर्शीद उम्र 52 वर्ष अपनी पत्नी रईसी के साथ बुधवार को बाइक से रिश्तेदारी में बजावाला गांव गए थे। रात करीब 10 बजे दोनों पति-पत्नी वापस अपने घर बाइक से जाने लगे। लोगों ने बताया कि जैसे ही दोनों बाइक लेकर लालपुर रोड पर पहुंचे तो पीछे से आ रही अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद राहगीरों ने कार चालक का पीछा किया तो वह अपना वाहन छोड़कर फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने एंबुलेंस को बुलाकर दोनों घायलों को जिला अस्पताल लेकर पहुंच गई। जहां पर देखते ही पति खुर्शीद उम्र 52 वर्ष को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल पत्नी रईसी को डॉक्टर ने हायर सेंटर रेफर किया है। हादसे की सूचना मृतक के घर पहुंची तो कोहराम मच गया। रोते बिलखते परिजन देर रात को ही जिला अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल में पहले से ही मौजूद अजीमनगर पुलिस ने परिजनों से बात की। मृतक के शव का पंचनामा भरवा कर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थाना अध्यक्ष कर्म सिंह पाल ने बताया आरोपी वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जल्दी ही आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार