बाराबंकी : सामूहिक दुष्कर्म के बाद खींची जीभ, जिन्दा जलाई गई थी युवती
बाराबंकी, अमृत विचार : मोहम्मदपुर खाला थाने से कुछ दूरी पर जिन्दा जलकर मरी युवती के मामले में नया मोड़ आ गया है। गुरुवार दोपहर घर से निकली युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म कर उसे जिन्दा जलाया गया था। आरोप कि मृतका की जीभ खींच ली गई और यह कुकृत्य शराब के नशे में हुआ।
खुद को बचाने के लिए भागी लपटों से घिरी युवती थाने से कुछ दूरी पर गिर गई। हालांकि इलाज के लिए ले जाते समय युवती ने दम तोड़ दिया। घटना के आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से दूर हैं, वहीं इस घटना में परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
बताते चलें कि गुरुवार को मोहम्मदपुर खाला थाने से कुछ दूरी पर लोगों ने एक युवती को जलते हुए देखा तो हड़कंप मच गया। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने युवती को एंबुलेंस से सीएचसी भिजवाया, वहां से डाक्टरों ने इसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां युवती ने अपने बयान में अखिलेश यादव नामक युवक का नाम लिया। जो एक पेट्रोल पंप पर काम करता था, हालांकि तलाश में वह हाथ नहीं लगा। जिला अस्पताल से रेफर किए जाने पर लखनऊ ले जाते समय युवती ने दम तोड़ दिया। लखनऊ में शव पोस्मार्टम के लिए भेजा गया। हालांकि मृतका के भाई ने बताया कि उसकी बहन को दुष्कर्म के बाद जिन्दा जलाया गया है। पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। वहीं बहन की ओर से शुक्रवार को पुलिस को तहरीर देकर स्पष्ट कहा गया कि गुरुवार की दोपहर उसकी बहन शौच के लिए गई थी। ग्रामीणों से सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंची तो बहन को नग्न अवस्था में जला हुआ पाया। आरोप है कि रामनगर थाना क्षेत्र के सायपुर बंजरिया गांव वासी अखिलेश यादव व तीन अज्ञात लोगों ने उसकी बहन के साथ दुष्कर्म किया फिर उसे जिन्दा जला दिया।
यह भी कहना है कि मौके पर शराब की बोतल व कुछ गिलास मिले, वहीं मृतका की जीभ भी खींच ली गई थी। पुलिस ने फिलहाल तहरीर के आधार पर आरोपियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है लेकिन आरोपी पकड़ से दूर हैं। थाने से कुछ दूरी पर इस घटना को लेकर महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी विकास चंद्र त्रिपाठी का कहना है कि हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
