होली पर यात्रियों को बड़ी राहत! हर बस स्टॉप पर रुकेंगी UPSRTC बसें, ड्राइवर-कंडक्टरों को भी मिलेगा प्रोत्साहन भत्ता
लखनऊ, अमृत विचारः होली के मद्देनजर रोडवेज प्रशासन ने बस संचालन को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। आदेश के तहत हर बस को निर्धारित सभी स्टॉपेज पर रुकना अनिवार्य होगा, ताकि इंतजार कर रहे यात्रियों को सुविधा मिल सके। त्योहार के दौरान यात्रियों की आवाजाही बढ़ने की संभावना को देखते हुए 5 मार्च तक होली स्पेशल बसों का संचालन किया जाएगा।
क्षेत्रीय प्रबंधक अमरनाथ सहाय ने बताया कि सामान्य दिनों में प्रति बस 60 फीसदी यात्री लोड फैक्टर अनिवार्य रहता है, लेकिन होली सीजन में इसे बढ़ाकर 80 फीसदी किया गया है। इसे मानने पर ही चालक और परिचालक को मुख्यालय द्वारा निर्धारित प्रोत्साहन भत्ता मिलेगा। रोडवेज ने इस अवधि में बसों के फेरे बढ़ाने की रणनीति बनाई है ताकि अधिक से अधिक यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा सके। आमतौर पर कम सवारी लाने और ज्यादा सवारी ले जाने की मनमानी इस बार स्वीकार नहीं होगी।
