हरदोई में छुट्टा जानवरों से परेशान किसान का हैरतअंगेज फैसला, 6 बीघा खड़ी फसल पर दौड़ाया ट्रैक्टर

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

हरदोई। उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के पाली क्षेत्र में एक किसान ने अपने छह बीघा गेहूं की फसल पर ट्रैक्टर चलाकर जोत दिया। दरअसल उसकी फसल को आवारा जानवरों के झुंड ने अधिकतर खराब कर दिया था जिसके बाद गुस्साए किसान ने यह कदम उठाया। यहां आए दिन गोवंश किसानों की मेहनत पर पानी फेरते हुए उनकी खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं जिससे किसान परेशान और हताश हो चुके हैं। 

पाली थाने के लौकहा गांव के रहने वाले किसान विश्वेश्वर राजपूत के छह बीघा खेत में खड़ी गेहूं की अधिकतर फसल को आवारा गोवंशों के एक बड़े झुंड ने तहस-नहस कर दिया। जब किसान खेत पहुंचा तो गोवंशों द्वारा फसल को भारी नुकसान पहुंचाने से क्षुब्ध होकर किसान विश्वेश्वर ने खेत में बची हुई फसल को भी ट्रैक्टर से जोत दिया।

पीड़ित किसान विश्वेश्वर राजपूत ने बताया कि आवारा गोवंशों के कारण उनकी अधिकांश फसल पहले ही नष्ट हो चुकी थी जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। जब फसल बचने की कोई उम्मीद नहीं रही तो उन्होंने शेष फसल को भी ट्रैक्टर से जोत दिया।

किसानों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा गोवंशों की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए इससे किसानों को हर सीजन में नुकसान उठाना पड़ रहा है। पीड़ित किसान विश्वेश्वर ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा गोवंशों को पकड़ कर गोवंश आश्रय स्थल में भिजवाया जाए, ताकि अन्य किसानों की फसल सुरक्षित रह सके और उन्हें इस समस्या से राहत मिल सके।

संबंधित समाचार