यूपी पुलिस का सराहनीय कदम : बिछड़ा परिवार हुआ एक, 9 माह की मासूम संग महिला को पति से मिलाया

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

बाराबंकी: अमृत विचार। मानवीय संवेदनाओं और तत्परता का परिचय देते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस की देवा थाना टीम ने एक बिछड़े परिवार को फिर से एक कर दिया। बीते बुधवार की रात यूपी-112 को सूचना मिली कि थाना देवा क्षेत्र में एक महिला अपने 9 माह के मासूम बच्चे के साथ लावारिस हालत में घूमती मिली है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित थाने लाया गया।

प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने अपना नाम और पता बताने से इंकार कर दिया, जिससे स्थिति और संवेदनशील हो गई। पुलिस ने नियमानुसार महिला का चिकित्सीय परीक्षण कराया और सुरक्षा की दृष्टि से उसे वन स्टॉप सेंटर में दाखिल करा दिया, ताकि उसे सुरक्षित वातावरण मिल सके।

वन स्टॉप सेंटर में एक दिन रुकने के बाद महिला ने अपना सही नाम व पता बताया। जानकारी के आधार पर देवा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसके परिजनों से संपर्क स्थापित किया। सूचना मिलते ही पति कामता प्रसाद पुत्र शिवबक्श निवासी ग्राम सुजातपुर, थाना थानगांव, जनपद सीतापुर वन स्टॉप सेंटर पहुंचे।

पति-पत्नी की आपसी सहमति और आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद महिला राधा को उसके पति के सुपुर्द कर दिया गया। इस पूरे प्रकरण में मुख्य आरक्षी शिवमूर्ति पांडेय एवं महिला आरक्षी शीतल सिंह की सक्रियता, संवेदनशीलता और मानवीय कार्यशैली सराहनीय रही। स्थानीय लोगों और परिजनों ने देवा पुलिस की इस पहल की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि पुलिस की सतर्कता और मानवीय दृष्टिकोण से एक परिवार फिर से एक हो सका।

संबंधित समाचार