Uttrakhand: कॉर्बेट के झिरना में दिखा दुर्लभ येलो थ्रोटेड मार्टेन, फुर्तीले और शातिर वन्यजीव की ये है खासियत 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामनगर, अमृत विचार। विश्व प्रसिद्ध कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के झिरना पर्यटन जोन में एक दुर्लभ वन्यजीव येलो थ्रोटेड मार्टेन दिखाई दिया है। यह प्रजाति जंगल में बहुत कम नजर आती है, इसलिए इसका दिखना वन्यजीव प्रेमियों के लिए किसी सौगात से कम नहीं माना जा रहा है।

इस दुर्लभ जीव को वन्यजीव प्रेमी संजय छिम्वाल ने अपने कैमरे में कैद किया। बताया जा रहा है कि यह दृश्य कॉर्बेट के झिरना पर्यटन जोन क्षेत्र में भी देखा गया। जहां मार्टेन पेड़ों के बीच तेजी से दौड़ता और भोजन की तलाश करता नजर आया। इसकी पीले रंग की गर्दन और गले के हिस्से के कारण इसे ‘येलो थ्रोटेड मार्टेन’कहा जाता है।

वन विशेषज्ञों के अनुसार येलो थ्रोटेड मार्टेन एक फुर्तीला और बुद्धिमान मांसाहारी जीव है, जो आमतौर पर घने जंगलों और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पाया जाता है। यह छोटे जीवों, पक्षियों और फलों को भोजन के रूप में ग्रहण करता है। हालांकि यह इंसानों के लिए खतरनाक नहीं होता, लेकिन इसकी मौजूदगी जंगल के स्वस्थ पारिस्थितिकी तंत्र का संकेत मानी जाती है।

संबंधित समाचार