महाशिवरात्रि : माघ मेले के अंतिम स्नान पर प्रयागराज में उमड़ा जनसैलाब, 50 लाख श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

प्रयागराज। प्रयागराज में महाशिवरात्रि पर आयोजित किए जा रहे माघ मेले के अंतिम स्नान हैं। तीर्थराज प्रयागराज में संगम की रेती पर लगे विश्व के सबसे बड़े धार्मिक और आध्यात्मिक माघ मेले के 44 वें और अंतिम दिन रविवार को छठवें और आखिरी स्नान पर्व महाशिवरात्रि पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु ब्रह्म मुहूर्त से ही त्रिवेणी संगम के विभिन्न घाटों पर आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। 

मेला अधिकारी ऋषिराज के मुताबिक सुबह से लेकर रविवार देर रात से ही श्रद्धालुओं का मेला क्षेत्र में आगमन और गंगा स्नान जारी है। अब तक 50 लाख से ज्यादा श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा चुके हैं। ग्रहों नक्षत्रों का अद्भुत संयोग महाशिवरात्रि के पर्व को कई गुना फलदाई बना रहा है। आज के दिन अन्न,वस्त्र और स्वर्ण दान का विशेष महत्व है। 

मेला प्रशासन ने भी खास तैयारी

माघ मेले के आखिरी स्नान पर्व महाशिवरात्रि को लेकर मेला प्रशासन ने भी खास तैयारी की है। मेला प्रशासन ने आज करीब एक करोड़ श्रद्धालुओं के स्नान का अनुमान लगाया है। सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। 

ग्राउंड जीरो पर पुलिस और प्रशासन मौजूद 

जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि सभी घाटों पर सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम तैनात हैं तथा नाविकों व गोताखोरों को भी सभी घाटों पर तैनात किया गया है। सभी घाटों पर पर्याप्त संख्या में 'चेंजिंग रूम' उपलब्ध हैं और सीसीटीवी कैमरों व ड्रोन के माध्यम से मेला क्षेत्र की निगरानी की जा रही है। सभी अधिकारी लगातार मेला क्षेत्र में भ्रमण कर रहे हैं।

पुलिस और प्रशासन के भी आलाधिकारी ग्राउंड जीरो पर मौजूद हैं। माघ मेले में बनाए गए साढे तीन किलोमीटर लंबे घाट पर श्रद्धालु स्नान कर रहे हैं। माघ मेले में सुरक्षा के लिए जहां यूपी पुलिस, पीएसी और आर ए एफ को तैनात किया गया है। 

मेले की सुरक्षा मे 400 CCTV 

वहीं एटीएस के कमांडो भी मेले में चप्पे पर नजर रख रहे हैं। मेले की सुरक्षा मे 400 सीसीटीवी कैमरों से कराई जा रही है। इसमें डेढ़ सौ से ज्यादा एआई कैमरे भी लगाए गए हैं। महाशिवरात्रि के पर्व पर श्रद्धालु त्रिवेणी संगम में स्नान कर शिवालयों में भगवान शिव का अभिषेक करते हैं। 

मदिरों में खास इंतजाम 

शिवालयों में भी सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं। गौरतलब है कि माघ मेले में अब तक 22 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। जो कि अब तक के माघ मेले में सबसे बड़ा रिकॉर्ड है। महाशिवरात्रि के इस छठवें और अंतिम स्नान पर्व के साथ ही माघ मेला 2026 का औपचारिक समापन भी हो जाएगा। 

 

ये भी पढ़ें : 
यूपी पुलिस का सराहनीय कदम : बिछड़ा परिवार हुआ एक, 9 माह की मासूम संग महिला को पति से मिलाया

 

संबंधित समाचार