UP: आज आस्था के जल से नहलाए जाएंगे भोलेनाथ, गूंजेगी बोल बम और हर-हर महादेव की गूंज 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। महाशिवरात्रि से पूर्व शनिवार को महानगर शिवमय रहा। हरिद्वार और ब्रजघाट से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों का जयघोष कांठ रोड और दिल्ली रोड पर गूंजता रहा। बोल बम और हर-हर महादेव के जयकारों के बीच भोले के भक्त भक्ति धुनों पर थिरकते हुए गंतव्य की ओर बढ़ते रहे। उनकी सुरक्षा व यातायात प्रबंध में प्रशासन व पुलिस के अधिकारी कर्मचारी लगे रहे।

सड़कों पर केसरिया परिधान में सजे कांवड़ियों का रेला देर रात तक चलता रहा। जगह जगह रूट डायवर्जन कर कांवड़ियों को आगे निकलने का रास्ता दिया गया। कांठ रोड पर कई जगह बैरिकेड लगाकर यातायात रोका गया। बोल बम, हर हर महादेव का जयघोष करते कांवड़िये शिव की भक्ति में शिवालयों की ओर बढ़ रहे थे। रविवार को आस्था के जल से भोलेनाथ का जलाभिषेक शिवभक्त करेंगे। 

इसको देखते हुए महानगर के शिवालयों में तैयारी की गई। 84 घंटा मंदिर और झाड़खंडी मंदिर में विशेष सजावट की गई। मंदिरों को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया गया, वहीं शिवलिंग के अभिषेक के लिए विशेष व्यवस्था की गई। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर समितियों ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया। कांठ रोड और दिल्ली रोड पर कांवड़ियों की भारी भीड़ के बीच पुलिस और प्रशासन भी सतर्क रहा। डीजे पर बजती शिवभक्तिमय धुनों पर कांवड़िए झूमते रहे। कई स्थानों पर श्रद्धालु फूल बरसाकर शिवभक्तों का स्वागत किया गया।

सेवा शिविरों में किया जलपान और विश्राम
कांवड़ियों की सेवा के लिए कांठ रोड और दिल्ली रोड पर विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने जगह-जगह सेवा शिविर लगाए। इन शिविरों में पेयजल, फल, भोजन और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था रही। कई जगह पर भंडारा भी किया गया। चिकित्सा शिविर भी लगे रहे।

इन मंदिरों पर उमड़ेंगे आस्थावान
महानगर के प्रमुख मंदिरों 84 घंटा मंदिर, नटबाबा मंदिर, शिव शक्ति मंदिर, मनोकामना श्री हनुमान मंदिर, दुर्गा मंदिर और ढाप वाला मंदिर में रविवार की सुबह से देर रात तक रुद्राभिषेक, पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन चलेगा। महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या पर बाजारों में भी पूजा सामग्री की खरीदारी के लिए भीड़ रही।

संबंधित समाचार